Daehar. डैहर। जिला मंडी में दो अलग-अलग स्थानों पर हुए सडक़ हादसों ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। एक दुर्घटना गोहर उपमंडल के बस्सी के पास हुई, जबकि दूसरी सुंदरनगर के जडोल क्षेत्र में सामने आई। दोनों मामलों में एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक-एक घायल का उपचार जारी है। गोहर के बस्सी के समीप शलोग मोड़ पर एक जीप अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में 22 वर्षीय डोमेश कुमारी (निवासी शलोग, बस्सी) गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें सिविल अस्पताल गोहर से प्राथमिक उपचार के बाद एम्स बिलासपुर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। चालक डुमनू राम को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपकर मामले में आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, एसडीएम गोहर देवीराम ने बताया कि मृतक महिला के परिजनों को सरकार की ओर से 25 हजार रुपए की प्रारंभिक राहत प्रदान की गई है। इसी तरह दूसरा हादसा सुंदरनगर थाना क्षेत्र के जडोल में हुआ, जहां सडक़ किनारे खड़ी जेसीबी से एक कार पीछे से टकरा गई। दुर्घटना में कार सवार राहुल सिंह (34, रायबरेली, उत्तर प्रदेश) और साहिल अरोड़ा (34, लुधियाना, पंजाब) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से राहुल सिंह को एम्स बिलासपुर रेफर किया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। साहिल अरोड़ा का उपचार जारी है और वे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। पुलिस ने दोनों मामलों में अलग-अलग केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने पुष्टि करते हुए कहा कि हादसों के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।