अमेरिका के मिनियापोलिस शहर के बीचों-बीच गोलीबारी की घटना में 3 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में संदिग्ध शूटर भी शामिल है। घटना में तीन पुलिस अधिकारी घायल हुए हैं जिनमें दो को गोली लगी है। तीनों की हालत स्थिर बताई जा रही है। स्थानीय समयानुसार बुधवार शाम को पुलिस सार्जेंट गैरेट पार्टेन ने बताया कि एक पीड़ित की मौत घटनास्थल पर ही गोली लगने से हो गई थी। वहीं, दूसरे की मौत हेनेपिन काउंटी मेडिकल सेंटर पहुंचने के बाद हुई।

 पुलिस ने लोगों को इलाके से दूर रहने की चेतावनी दी है। अधिकारियों ने शुरू में बताया कि गोलीबारी में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हुई और 6 अन्य घायल हुए थे। मिनियापोलिस पुलिस ने बताया कि घायलों में उसके दो अधिकारी भी थे। पुलिस ने यह नहीं बताया कि कितने लोगों को गोली मारी गई है। पार्टेन ने बताया कि शाम 4:30 बजे बिल्डिंग में गोली चलने की सूचना मिलने के तीन मिनट बाद अधिकारी बिल्डिंग में दाखिल हुए, जहां उन्हें पीड़ित मिले। बाद में एक व्यक्ति की अस्पताल में मौत हो गई।

 पुलिस ने बताया कि शूटर भी मारा गया है लेकिन यह साफ नहीं है कि उसकी मौत कैसे हुई। हेनेपिन काउंटी मेडिकल सेंटर ने बताया कि उसके पास सात मरीज आए जिनमें से एक की मौत हो गई। अधिकारियों ने बाकी मरीजों की हालत के बारे में तुरंत कोई और जानकारी नहीं दी।

 मिनिसोटा के गवर्नर टिम वाल्ज ने सोशल मीडिया पर घटना के बारे में बताया कि राज्य के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और घटना से निपटने में स्थानीय पुलिस की मदद कर रहे हैं। वाल्ज ने कहा, "मैं उन पुलिसकर्मियों का आभारी हूं जो आज दोपहर डाउनडाउन मिनियापोलिस में हमारे पड़ोसियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं। 

Tags: