निहरी में जलापूर्ति योजना का ट्रांसफार्मर चोरी, पांच लाख का नुकसान

Update: 2026-05-31 11:07 GMT
सुंदरनगर। सुंदरनगर उपमंडल के विद्युत उपमंडल निहरी के अंतर्गत पुलिस चौकी निहरी क्षेत्र में जल शक्ति विभाग की जलापूर्ति योजना का ट्रांसफार्मर चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद विभागीय अधिकारियों में हडक़ंप मच गया है। चोरी की इस वारदात से क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका भी जताई जा रही है। जानकारी के अनुसार एलडब्ल्यूएसएस जरल मराहड़ा स्टेज-2 योजना के तहत गांव नेहरा में स्थापित ट्रांसफार्मर को अज्ञात चोर रात के अंधेरे में उखाडक़र ले गए। शुक्रवार सुबह जब विभागीय कर्मचारियों ने मौके का निरीक्षण किया तो ट्रांसफार्मर गायब मिला, जिसके बाद पूरे मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी गई। बताया जा रहा है कि चोरी हुआ ट्रांसफार्मर आईपीएच विभाग की जलापूर्ति योजना से संबंधित था, जिसके माध्यम से क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति संचालित की जाती थी।

ऐसे में ट्रांसफार्मर चोरी होने से ग्रामीणों को जलापूर्ति व्यवस्था प्रभावित होने की चिंता सताने लगी है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस चोरी से विभाग को करीब चार से पांच लाख रुपए तक का नुकसान हुआ है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि ट्रांसफार्मर चोरी की घटनाएं सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ आम जनता को भी सीधे प्रभावित करती हैं। विद्युत मंडल सुंदरनगर के वरिष्ठ अधिशासी अभियंता ई. मोहित टंडन ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि घटना की शिकायत विभाग की ओर से पुलिस चौकी निहरी में दर्ज करवा दी गई है। उन्होंने कहा कि अज्ञात चोरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग पुलिस प्रशासन से की गई है ताकि सरकारी संपत्ति की चोरी में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जा सके। उधर, डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
Tags:    

Similar News