नेरचौक। ऐतिहासिक भंगरोटू मैदान के अस्तित्व और इसके मूल स्वरूप की रक्षा के लिए शुरू हुई मुहिम अब दिनों-दिन और अधिक व्यापक रूप धारण करती जा रही है। मैदान के समर्थन में उठ रही आवाजें अब एक बड़े आंदोलन का रूप ले रही हैं। इस मामले में जहां सबसे पहले पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी ने कड़ा रुख अपनाते हुए मैदान को यथावत रखने और इसके संरक्षण की पुरजोर वकालत की थी,वहीं इसके बाद कई सामाजिक संस्थाएं भी इस मांग के समर्थन में आगे आईं। अब इसी कड़ी में नेरचौक व्यापार मंडल ने भी मोर्चा संभालते हुए इस लड़ाई को निर्णायक मोड़ पर पहुंचा दिया है। शुक्रवार को नेरचौक व्यापार मंडल के अध्यक्ष अमृतपाल सिंह काका की अध्यक्षता में एक प्रतिनिधिमंडल ने उपमंडलाधिकारी (नागरिक) बल्ह के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया। व्यापार मंडल ने ज्ञापन में प्रमुखता से बात रखते हुए कहा कि भंगरोटू मैदान नेरचौक और आसपास के पूरे इलाके का इकलौता सार्वजनिक मैदान है, जो क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर से गहराई से जुड़ा है।