लाहुल में बर्फ के दीदार को उमड़े सैलानी, बोले, दिल खुश हो गया

Update: 2025-03-25 10:41 GMT
Kullu. कुल्लू। मनाली का सोलंगनाला और लाहुल-स्पीति का सिस्सू क्षेत्र एक चहल-पहल वाले पर्यटक केंद्र में तबदील हो गया है। हजारों पर्यटकों को आकर्षित करने वाले यह क्षेत्र बर्फ से ढके परिवेश की सुंदरता का आनंद लेने के इच्छुक लोगों के लिए एक पसंदीदा जगह बन गए हैं। स्नो ड्रेस के साथ पर्यटकों ने सोलंगनाला और सिस्सू क्षेत्र का दीदार किया। कोकसर की तरफ भी पर्यटक बढ़े। रविवार को जिस तरह से बड़ी संख्या में पर्यटक लाहुल पहुंचे, तो इससे पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों ने आगामी दिनों में अच्छा कारोबार चलने की उम्मीद जताई है। फोटो, वीडियो ग्राफी, सेल्फी लेकर पर्यटक बर्फ की वादियों में आनंदित हो रहे हैं। दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब के पर्यटकों का यहां पहुंचने का सिलसिला शुरू हो
गया है।

प्रकृति के इस सुंदर नजारे को देखने के लिए क्षेत्र में पर्यटकों की भीड़ उमड़ रही है। वीकेंड में यहां बर्फ देखने के लिए हजारों की संख्या में पर्यटक पहुंचे। गुजरात से आए पर्यटकों ने कहा कि पहली बार मनाली और लाहुल आए हैं। यहां आकर पहली बार स्नोफाल देखा है। वहीं इल्मा अफरोज, एसपी लाहुल-स्पीति ने बताया कि पर्यटकों का लाहुल में स्वागत है। पर्यटकों से अपील है कि कानून व्यवस्था और यातायात व्यवस्था बनाए रखें। आंकड़ों के मुताबिक मार्च, 2024 में 63500 से अधिक पर्यटक लाहुल आ चुके हैं। रविवार को अटल टनल रोहतांग से 4602 वाहन इन और आउट हुए। इनमें 2456 वाहन इन और 2146 पर्यटक वाहन आउट हो गए हैं। करीब 15 से 20 हजार सैलानियों ने लाहुल-स्पीति में बर्फ का आनंद लिया। मनाली के पर्यटन कारोबार को पंख लगने शुरू हो गए हैं।
Tags:    

Similar News