मैदानी इलाकों की गर्मी से बचने डलहौजी-खजियार पहुंचे सैलानी

Update: 2026-06-22 10:02 GMT
Dalhousie. डलहौजी। मैदानी इलाकों में पड़ रही भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए इन दिनों देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में पर्यटक पर्यटन नगरी डलहौजी और खज्जियार का रुख कर रहे हैं। जून माह की तपती दोपहरी से बचने के लिए पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, गुजरात और मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों से पर्यटक डलहौजी और खज्जियार की हसीन वादियों में सुकून के कुछ पल बिताने पहुंच रहे हैं। वीकेंड के दौरान पर्यटकों की आमद और बढऩे से दोनों पर्यटन स्थलों पर रौनक छा गई। होटल कारोबारियों के अनुसार, इस वीकेंड शहर के होटलों में करीब 90 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई। अनुमान के मुताबिक, वीकेंड के दौरान डलहौजी और खज्जियार में करीब दो हजार
पर्यटक वाहन पहुंचे।


डलहौजी में सुबह और शाम के समय महसूस होने वाली हल्की ठंडक पर्यटकों को विशेष रूप से आकर्षित कर रही है। पर्यटकों का कहना है कि जहां मैदानी क्षेत्रों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच चुका है, वहीं डलहौजी का सुहावना मौसम उन्हें नई ऊर्जा और ताजगी का एहसास करा रहा है। रविवार सुबह बड़ी संख्या में सैलानियों ने खज्जियार के साथ कालाटोप और डैनकुंड का भी रुख किया। कालाटोप के घने जंगल, ठंडी हवाएं और डैनकुंड की ऊंची चोटियों से दिखाई देने वाले मनोरम दृश्य पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बने रहे। सुभाष चौक, गांधी चौक और पंचपुला में भी दिनभर पर्यटकों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली। खजियार के खुले मैदानों में पर्यटकों ने सुहाने मौसम के बीच जमकर मौज-मस्ती की।
Tags:    

Similar News