मैच से पहले मकलोडगंज में लगा तीन घंटे लंबा जाम

Update: 2026-06-14 10:33 GMT
Hospice. धर्मशाला। भारत और अफगानिस्तान के बीच शनिवार को धर्मशाला के एचपीसीए स्टेडियम में खेले गए पहले वनडे मुकाबले को लेकर मैच से पहले ही मकलोडगंज क्षेत्र में भारी यातायात जाम की स्थिति बनी रही। मकलोडगंज चौक से भागसू चौक तक करीब दो किलोमीटर लंबे मार्ग पर लगभग तीन घंटे तक वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित रही। दोपहर एक बजे निर्धारित मैच को देखने के लिए बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रशंसक और पर्यटक वीकेंड को लेकर धर्मशाला व मकलोडगंज पहुंचे थे। हालांकि लगातार बारिश के कारण मैच निर्धारित समय पर शुरू नहीं हो सका और शाम सवा पांच बजे मुकाबले का आगाज हुआ, लेकिन इसके बावजूद दोपहर से ही मकलोडगंज क्षेत्र की सडक़ों पर वाहनों का दबाव लगातार बढ़ता हुआ दिखा। दिन भर लगातार बारिश के बीच सडक़ पर लंबी-लंबी वाहन कतारें
लगी रहीं।

कई पर्यटकों और स्थानीय लोगों को घंटों तक जाम में फंसे रहना पड़ा। मकलोडगंज चौक से भागसू चौक तक का सामान्य तौर पर कुछ मिनटों में तय होने वाला सफर लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गया। स्थानीय निवासी कबीर वर्मा ने प्रशासन और पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि जाम के दौरान सडक़ पर यातायात को नियंत्रित करने के लिए कोई भी पुलिस कर्मी नजर नहीं आया। उन्होंने कहा कि करीब तीन घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही, लेकिन वाहनों की आवाजाही सुचारू करने के लिए मौके पर पर्याप्त व्यवस्था दिखाई नहीं दी। वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि धर्मशाला में होने वाले बड़े अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों के दौरान पर्यटकों और क्रिकेट प्रेमियों की भारी भीड़ उमड़ती है। ऐसे में यातायात प्रबंधन के लिए अतिरिक्त पुलिस बल और विशेष ट्रैफिक प्लान की आवश्यकता है, ताकि स्थानीय लोगों और पर्यटकों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
Tags:    

Similar News