नशे में स्कूल बस चला रहे चालक ने बुजुर्ग को मारी टक्कर, चालक गिरफ्तार

छग

Update: 2026-07-17 18:08 GMT
Korba. कोरबा। जिले के मानिकपुर क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम एक गंभीर सड़क हादसा सामने आया, जहां शराब के नशे में स्कूल बस चला रहे चालक ने एक बुजुर्ग राहगीर को टक्कर मार दी। हादसे में बुजुर्ग के सिर पर गंभीर चोट आई है। घटना के बाद पुलिस ने बस को जब्त कर आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, सेंट जेवियर स्कूल की बस क्रमांक CG 12 BM 6338 का चालक गोरे लाल बच्चों को उनके घर छोड़ने के बाद वापस स्कूल लौट रहा था। इसी दौरान मानिकपुर क्षेत्र में बस की चपेट में एक बुजुर्ग आ गए। तेज टक्कर लगने से बुजुर्ग सड़क पर गिर गए और उनके सिर में गंभीर चोटें आईं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस चालक शराब के नशे में था और वाहन को लापरवाहीपूर्वक चला रहा था। हादसे के बाद चालक मौके से भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन आसपास मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया। स्थानीय लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। पूछताछ के दौरान चालक ने शराब पीने की बात स्वीकार की। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने चालक को हिरासत में लिया और बस को जब्त कर लिया। मानिकपुर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घायल बुजुर्ग को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर बताई है। फिलहाल उनका इलाज जारी है। पुलिस ने आरोपी बस चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि चालक ने शराब का सेवन कब और कहां किया था तथा स्कूल बस संचालन के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन किया गया था या नहीं।

स्कूल प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली। लोगों ने स्कूल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि स्कूल बस जैसे संवेदनशील वाहन को चलाने वाले चालक की जिम्मेदारी बहुत अधिक होती है। लोगों का कहना है कि यदि कोई चालक शराब के नशे में बस चला रहा है तो यह बच्चों की सुरक्षा के साथ भी बड़ा खिलवाड़ है। उन्होंने मांग की है कि स्कूल बस चालकों की नियमित मेडिकल जांच कराई जाए और वाहन चलाने से पहले उनकी स्थिति की जांच सुनिश्चित की जाए। स्थानीय लोगों ने कहा कि स्कूल प्रबंधन को चालकों की नियुक्ति और निगरानी में ज्यादा सतर्कता बरतनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने पर आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि नशे की हालत में वाहन चलाने वालों की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
Tags:    

Similar News