Dongargarh. डोंगरगढ़। छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ में ऑनलाइन गेमिंग में करीब 10 लाख रुपये गंवाने के बाद कर्ज चुकाने के लिए चोरी की साजिश रचने का मामला सामने आया है। करीब तीन महीने पहले ग्राम ठाकुरटोला में हुई लाखों रुपये के जेवरात की चोरी का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के जेवरात और वारदात में इस्तेमाल कार सहित कुल 15 लाख 50 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में साइबर सेल और मोहारा पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मामला डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र की पुलिस चौकी मोहारा अंतर्गत ग्राम ठाकुरटोला का है। यहां रहने वाले दीपक वर्मा 25 अगस्त 2026 की सुबह करीब 9 बजे अपने परिवार के साथ खेत गए थे। दोपहर करीब एक बजे जब परिवार वापस लौटा तो घर का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखने पर आलमारी से सोने का नेकलेस, मंगलसूत्र, अंगूठी, चांदी का करधन और पैर पट्टी गायब थे। घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने चोरी का अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस को गांव के ही सुरेन्द्र साहू और गणेश्वर नेताम उर्फ राजू नेताम की संलिप्तता के संबंध में जानकारी मिली। पुलिस ने दोनों से पूछताछ की, जिसमें उनके द्वारा चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार करने की बात सामने आई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी सुरेन्द्र साहू को ऑनलाइन गेमिंग में करीब 10 लाख रुपये का नुकसान हुआ था। इसके कारण उस पर कर्ज चढ़ गया था। इसी कर्ज को चुकाने के लिए उसने अपने साथी गणेश्वर नेताम के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई। दोनों ने पहले दीपक वर्मा के घर की रेकी की और परिवार के सदस्यों की दिनचर्या पर नजर रखी। वारदात वाले दिन दोनों आरोपी सुबह करीब चार बजे घर के पास पहुंच गए। गणेश्वर नेताम ट्रैक्टर की ट्रॉली के सहारे मकान की छत पर चढ़ गया और वहीं छिपकर बैठ गया। दूसरी ओर सुरेन्द्र साहू घर के बाहर रहकर निगरानी करता रहा।
सुबह करीब नौ बजे जब दीपक वर्मा अपने परिवार के साथ खेत जाने के लिए निकले, तब सुरेन्द्र ने मोबाइल फोन से गणेश्वर को इशारा किया। इसके बाद गणेश्वर छत से नीचे उतरा और लोहे की रॉड से कमरे का ताला तोड़कर घर के अंदर प्रवेश किया। आरोपी ने गोदरेज आलमारी तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी कार क्रमांक CG 04 NZ 3480 से रायपुर चले गए। वहां इन्द्रप्रस्थ कॉलोनी में किराये का मकान लेकर रहने लगे। आरोपियों ने चोरी के जेवरात बेचने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर कुछ जेवरात किराये के मकान में छिपाकर रख दिए।
पुलिस पूछताछ के दौरान सुरेन्द्र साहू की एक अन्य चोरी में संलिप्तता भी सामने आई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने रायपुर के अरिहंत नगर स्थित हेमंत साहू के मकान में घरेलू कामकाज के दौरान एक जोड़ी सोने के टॉप्स और एक जोड़ी झुमके चोरी किए थे। इन जेवरात को उसने डोंगरगढ़ स्थित मुथूट फाइनेंस में गिरवी रख दिया था। पुलिस ने इन आभूषणों को भी बरामद कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों से ठाकुरटोला की चोरी के 8 लाख 50 हजार रुपये के सोने-चांदी के जेवरात, वारदात में इस्तेमाल 5 लाख रुपये की कार और रायपुर के अरिहंत नगर से चोरी किए गए 2 लाख रुपये के सोने के जेवरात बरामद किए हैं। कुल जब्त संपत्ति की कीमत 15 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुरेन्द्र साहू पिता प्यारा दास साहू, उम्र 36 वर्ष और गणेश्वर नेताम उर्फ राजू नेताम पिता प्रीतम नेताम, उम्र 25 वर्ष के रूप में हुई है। दोनों ग्राम ठाकुरटोला के निवासी हैं। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में साइबर सेल और मोहारा पुलिस की संयुक्त टीम ने मामले का खुलासा किया है। फिलहाल प्रकरण में आगे की विवेचना जारी है।