Raigarh. रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए पुलिस ने सख्त अभियान शुरू किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर जिलेभर में चलाए जा रहे विशेष वाहन चेकिंग अभियान के तहत एक ही दिन में 631 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई की गई। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर करीब 4 लाख रुपये का चालान किया गया। वहीं, शराब पीकर वाहन चलाने वाले 6 चालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। रायगढ़ पुलिस के अनुसार, जिले में सड़क दुर्घटनाओं के बढ़ते आंकड़ों को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने हाल ही में आयोजित क्राइम मीटिंग में नाराजगी जताई थी। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए थे कि सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रतिदिन मोटर व्हीकल एक्ट के तहत प्रभावी कार्रवाई की जाए।
विशेष रूप से तेज रफ्तार और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्ती बरतने के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में 22 नवंबर को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस ने तेज गति से वाहन चलाने, बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने, ट्रिपल सवारी, मालवाहक वाहनों में यात्रियों का परिवहन करने और बीमा सहित आवश्यक दस्तावेज नहीं रखने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कुल 631 वाहन चालकों पर कार्रवाई करते हुए करीब 4 लाख रुपये के चालान काटे। इसके अलावा जांच के दौरान शराब पीकर वाहन चलाते पाए गए 6 चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई।
इस विशेष अभियान में सबसे अधिक कार्रवाई यातायात पुलिस रायगढ़ ने की। यातायात पुलिस ने 165 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की। इसके अलावा तमनार थाना क्षेत्र में 101 और धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र में 74 वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई। इसी तरह छाल थाना क्षेत्र में 33, लैलूंगा में 31, भूपदेवपुर में 27, सिटी कोतवाली में 26, जूटमिल में 25, कापू में 23, खरसिया में 23 और कोतरारोड़ थाना क्षेत्र में 22 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। वहीं, घरघोड़ा थाना क्षेत्र में 20, पुसौर में 19, चक्रधरनगर में 14 और पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में 8 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस तरह जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती दिखाई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने सभी थाना प्रभारियों को यातायात नियमों के प्रति आम नागरिकों को जागरूक करने के भी निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि केवल चालानी कार्रवाई ही नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएं। रायगढ़ पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित गति सीमा के भीतर वाहन चलाएं। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। इसके साथ ही वाहन से संबंधित आवश्यक दस्तावेज अपने पास रखें और शराब पीकर वाहन चलाने से बचें।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा, “सड़क सुरक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यातायात नियमों का पालन कर स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों की सुरक्षा भी सुनिश्चित करें। तेज रफ्तार और शराब पीकर वाहन चलाना जानलेवा साबित हो सकता है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।” रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष वाहन चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Tags: