माफिया की तरह मौसम भी हुआ ठंडा, ऐसे ही पाकिस्तान भी पड़ जाएगा ठंडा: सीएम योगी

Update: 2023-06-25 09:08 GMT

फाइल फोटो

नोएडा (आईएएनएस): उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को नोएडा-ग्रेटर नोएडा में थे। उन्होंने 1700 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का लोकार्पण, शिलान्यास किया। योगी ने कहा- यहां आने से पहले मुझे लगा कि पश्चिमी यूपी में भी भीषण गर्मी होगी। लेकिन देखिए मौसम की कितनी बड़ी कृपा है। जैसे माफिया यूपी में ठंडे हो गए, वैसे मौसम भी ठंडा हो गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा, "पाकिस्तान एक-एक रोटी के लिए मोहताज हो रहा है। आज भारत आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। 2027 तक भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा। एक तरफ भारत की शानदार यात्रा और वहीं पाकिस्तान अपनी नकारात्मक सोच के चलते भुखमरी-दरिद्रता की ओर बढ़ रहा है। आने वाले समय में अपने कर्मों से पाकिस्तान भी वैसे ही ठंडा पड़ जाएगा, जैसे यहां के माफिया ठंडे हो गए।" सीएम योगी ने कहा, "यूपी के लोगों के पास कितनी बड़ी संभावनाएं हैं। काशी भी हमारे पास, अयोध्या भी हमारे पास, मथुरा-वृंदावन भी हमारे पास। काशी पीएम मोदी के नेतृत्व में एक नई आभा के साथ भव्य और दिव्य रूप में वैश्विक मंच पर अपनी नई प्रतिष्ठा प्राप्त कर रही है। वैसे ही अयोध्या नई अयोध्या के रूप में जगमगा रही है। दुनिया के अंदर जहां भी सनातन हिंदू धर्मावलंबी होगा... भारत का शुभचिंतक होगा... वह जनवरी 2024 का इंतजार कर रहा है। जब भगवान रामलला अपने भव्य मंदिर में विराजमान होंगे। अयोध्या में वह दिन भी करीब आ रहा है।"
सीएम ने कहा, "कांग्रेस ने 48 साल पहले लोकतंत्र का गला घोंटा। इमरजेंसी लगाकर लोकतंत्र की हत्या करने का प्रयास किया। हमने बेहतर कानून व्यवस्था के नाम पर प्रदेश को पेट्रोलिंग के लिए वाहन दिए। नोएडा पुलिस को आज 56 नए वाहन दिए। आज कानून व्यवस्था बेहतर होने से लोग नोएडा में निवेश के लिए विदेश से आना चाहते हैं। पीएम नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में भारत जी-20 का नेतृत्व कर रहा है। जी-20 का समिट नोएडा में भी प्रस्तावित है।"
सीएम ने कहा, "पहले लोग दिल्ली में रहते थे। क्योंकि वहां इंफ्रास्ट्रक्चर बेहतर था। नोएडा-ग्रेटर नोएडा आने में संकोच करते थे। यहां के बारे में लोगों की धारणाएं खराब थीं। लेकिन, आज एक सामूहिक प्रयास का असर है कि नोएडा में दिल्ली से, देश से, दुनिया से भी लोग आना चाहते हैं।"
Tags:    

Similar News

-->