कहानी फिल्म जैसी...कबाड़ी वाला निकला कातिल, अस्पताल से भागा था, ऐसे पकड़ाया

जानें पूरा मामला.

Update: 2026-04-14 05:05 GMT
मुंबई: केरल में एक व्यक्ति की हत्या के मामले में फरार हत्यारे को मुंबई से गिरफ्तार किया गया है. हत्यारा पिछले साल एक अस्पताल से भाग गया था और मुंबई में कबाड़ी वाला बनकर छिपा हुआ था. इस बात की जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने एक न्यूज एजेंसी को दी. एक पुलिस अधिकारी ने सोमवार को बताया कि इस व्यक्ति की पहचान विनीश (25) के रूप में हुई है, जो केरल के मलप्पुरम जिले का रहने वाला है. उसे 2021 में पेरिंथलमन्ना पुलिस स्टेशन में दर्ज एक हत्या के मामले में दोषी ठहराया गया था.
जानकारी के अनुसार वह जेल में जब बंद, तभी उसकी मानसिक सेहत बिगड़ने लगी और उसे इलाज के लिए एक अस्पताल में भर्ती कराया गया. हालांकि, अधिकारी ने बताया कि पिछले साल वह पुलिस और अस्पताल प्रशासन दोनों को चकमा देकर अस्पताल से भागने में कामयाब हो गया. भागने के बाद दोषी ने पकड़े जाने से बचने के लिए कई बार अपनी जगह बदली. वह सबसे पहले ट्रेन से केरल से महाराष्ट्र के नागपुर गया और बाद में मुंबई पहुंचा.
जांच में पता चला कि मुंबई पहुंचने के बाद उसने अपनी पहचान छिपाए रखने के लिए एक कबाड़ी वाले का रूप अपना लिया था. अधिकारी ने बताया कि विनीश इस भीड़भाड़ वाले शहर के अलग-अलग हिस्सों में घूमकर, कूड़ा-कचरा इकट्ठा करके और किसी को शक न होने देकर अपना गुजारा कर रहा था. पिछले हफ्ते तब एक बड़ी सफलता मिली, जब रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को एक मुखबिर से दोषी के बारे में गुप्त सूचना मिली. जिसके बाद तुरंत कार्रवाई करते हुए RPF की टीम ने जाल बिछाया और तस्वीरों की मदद से उसकी पहचान की पुष्टि की.
अधिकारी ने बताया कि जब टीम उसके पास पहुंची, तो दोषी ने भागने की कोशिश की. लेकिन RPF की टीम ने 10 अप्रैल को दक्षिण मुंबई में छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस के पास उसे तुरंत घेरकर पकड़ लिया. इसके बाद केरल पुलिस को गिरफ्तारी के बारे में सूचित किया गया और बाद में उनकी एक टीम मुंबई पहुंची. पुलिस ने बताया कि कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उस टीम ने दोषी को अपनी हिरासत में ले लिया.
Tags:    

Similar News