गले मिलते ही सारा विवाद खत्म, IGMC मारपीट प्रकरण पर दोनों पक्षों में समझौता
शिमला। आईजीएमसी में डॉक्टर और मरीज के बीच हुआ विवाद आखिरकार आपसी सहमति से सुलझ गया है। मंगलवार को सचिवालय में हुई बैठक के दौरान डॉक्टर राघव निरूला और मरीज अर्जुन सिंह ने एक-दूसरे से माफी मांगते हुए विवाद समाप्त करने पर सहमति जताई। इस दौरान दोनों परिवारों के सदस्य, चौपाल क्षेत्र के प्रतिनिधिमंडल और सरकार के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के बाद डॉक्टर राघव निरूला और मरीज अर्जुन सिंह ने गले लगकर एक-दूसरे से माफी मांगी, जिससे लंबे समय से चला आ रहा यह विवाद शांतिपूर्ण तरीके से खत्म हो गया। ये सब सचिवालय में मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार नरेश चौहान के कमरे में और उनके हस्तक्षेप से हुआ। अब दोनों पक्षों के बीच पुलिस में दर्ज मामला भी खत्म हो जाएगा। बता दें कि 22 दिसंबर को आईजीएमसी अस्पताल के पल्मोनरी मेडिसिन विभाग के वार्ड में एक मरीज और डॉक्टर के बीच मारपीट की घटना हुई थी।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था, जिसके बाद मामला सुर्खियों में आ गया। सरकार ने मामले की जांच के लिए कमेटी गठित की थी। कमेटी की रिपोर्ट आने के बाद सरकार ने डॉक्टर निरूला की सेवाएं समाप्त कर दीं। अस्पताल में रेजिडेंट डॉक्टर एक दिन के सामूहिक कैजुअल लीव पर और दो दिन हड़ताल पर चले गए। जिस कारण काफी हद तक अस्पताल में सेवाएं भी प्रभावित रहीं। लेकिन मंगलवार को दोनों पक्षों ने भविष्य में सहयोग का भरोसा दिया। डॉ. राघव निरूला ने कहा कि दोनों पक्ष शुरू से ही मामला सुलझाना चाहते थे, लेकिन तरीके अलग-अलग थे। हम चाहते हैं कि आगे ऐसा कुछ न हो और हमें सभी का सहयोग मिले।