उत्तरकाशी अग्निकांड पर भावुक हुए CM धामी
शरीर पर कपड़ों के अलावा कुछ नहीं बचा
देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी जिले के मोरी ब्लॉक स्थित पावड़ी गांव में हुए भीषण अग्निकांड का जिक्र करते हुए आपदा प्रबंधन की तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण बात कही। उन्होंने बताया कि आग इतनी भीषण थी कि ग्रामीणों के घरों में रखा अनाज, बर्तन, आभूषण और अन्य घरेलू सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इस कड़ाके की ठंड में बच्चों, माताओं, बहनों और बुजुर्गों के शरीर पर मौजूद कपड़ों के अलावा उनका कुछ भी नहीं बचा। अग्निकांड ने ग्रामीणों की पूरी गृहस्थी उजाड़ दी है।
मुख्यमंत्री ने राज्य में पूर्व में आई आपदाओं से अनुभव लेकर भविष्य की तैयारियों पर ध्यान देने की आवश्यकता जताई। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि आपदाओं से निपटने के लिए पहले से पर्याप्त व्यवस्थाएं होतीं, तो क्या उनके प्रभाव को कम किया जा सकता था? पावड़ी गांव की स्थिति का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि वहां पानी का कोई स्रोत नहीं है। इसके अलावा गांव तक सीधे पहुंचने के लिए सड़क की भी पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। ग्रामीणों को गांव तक पहुंचने के लिए कुछ दूरी पैदल तय करनी पड़ती है।
सीएम धामी ने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में दमकल वाहन उपलब्ध होने के बावजूद उसे गांव तक पहुंचाना संभव नहीं है। सड़क और जलस्रोत की कमी आपातकालीन परिस्थितियों में बड़ी चुनौती बन जाती है। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में पिछली आपदाओं से सीख लेने और भविष्य में उनके प्रभाव को कम करने के लिए पहले से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने दुर्गम पर्वतीय क्षेत्रों में आपदा प्रबंधन से जुड़ी व्यावहारिक चुनौतियों की ओर भी ध्यान आकर्षित किया।