कांग्रेस सरकार ने अधर में डाली सारी योजनाएं

Update: 2025-12-04 11:05 GMT
ऊना। पूर्व जयराम सरकार में मंत्री रहे एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता वीरेंद्र कंवर ने बंगाणा में मीडिया से बातचीत के दौरान सुक्खू सरकार पर बड़ा हमला बोला। कंवर ने आरोप लगाया कि कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र की जनता ने 32 महीनों में कांग्रेस सरकार को दो-दो विधायक दिए, लेकिन बदले में उन्हें निराशा लगी, अधूरी परियोजनाएं और झूठे वादों के अलावा कुछ नहीं मिला। वीरेंद्र कंवर ने कहा कि विधायक अपने कार्यकाल में स्वीकृत या पूर्ण करवाए गए एक भी बड़े विकास कार्य का नाम बताएं। वीरेंद्र कंवर ने कहा कि उनके मंत्री रहते बंगाणा और संपूर्ण कुटलैहड़ क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास कार्य हुए, लेकिन सरकार बदलते ही कांग्रेस ने राजनीतिक द्वेष से अधिकांश योजनाओं को अधर में डाल दिया। उन्होंने अपने कार्यकाल की प्रमुख योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि बंगाणा में सीवरेज व्यवस्था, बंगाणा स्कूल के लिए साइंस भवन, बंगाणा अस्पताल को सिविल अस्पताल का दर्जा, अटल कॉलेज बंगाणा में इंडोर स्टेडियम, ईको पार्क बंगाणा, बस स्टैंड निर्माण, बंगाणा में जायका भवन दिया। वीरेंद्र कंवर ने कहा कि सुक्खू सरकार आते ही इन सभी परियोजनाओं को रोक दिया गया या धीमी गति से चलाया गया, जिससे जनता को सीधे तौर पर
नुकसान हुआ।
अब सिविल अस्पताल में स्टाफ नहीं, साइंस भवन अधूरा, सीवरेज अधूरी अटल कॉलेज में 1200 छात्रों की घटकर संख्या 400 तक पहुंच गई है, जो चिंतनीय है। पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने अपने चुनावी घोषणापत्र में व्यवस्था परिवर्तन की बात कही थी, लेकिन जनता को अब समझ आ रहा है कि यह परिवर्तन केवल कागजों में ही रहा। अगर व्यवस्था परिवर्तन का मतलब विकास कार्यों को रोकना, पिछड़े क्षेत्रों के साथ भेदभाव और जनता की आवाज दबाना है, तो जनता ऐसा परिवर्तन नहीं चाहती। वीरेंद्र कंवर ने चेतावनी दी कि यदि कांग्रेस सरकार कुटलैहड़ की जनता की अनदेखी जारी रखती है, तो भाजपा जनता के साथ मिलकर उग्र आंदोलन करने को मजबूर होगी। उन्होंने कहा कि कुटलैहड़ को लगातार पिछड़ा बताया जाता है, लेकिन यह पिछड़ापन कांग्रेस सरकार की नीतियों और उपेक्षा का परिणाम है। कंवर ने कहा कि हम अब और दंश नहीं झेलेंगे। यदि जरूरत पड़ी तो सरकार के खिलाफ व्यापक आंदोलन खड़ा करेंगे। उन्होंने कहा कि आपदा प्रभावित परिवार आज भी राहत की प्रतीक्षा में हैं, सरकारी कर्मचारी, पेंशनर्स और आम जनता अपनी मांगों को लेकर सडक़ों पर उतर रहे हैं, विकास कार्य ठप पड़े हैं, युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा और भ्रष्टाचार की शिकायतें बढ़ रही हैं। ऐसे में कांग्रेस सरकार किस बात का जश्न मना रही है, यह बड़ा सवाल है।
Tags:    

Similar News