कॉकरोच जनता पार्टी ने भरी हुंकार, कल देशव्यापी प्रदर्शन का ऐलान, सभी जिलों में आंदोलन करने की छात्रों से अपील
नई दिल्ली: जंतर-मंतर पर जारी छात्रों के धरना-प्रदर्शन के बीच CJP (कॉकरोच जनता पार्टी) ने गुरुवार को बड़ा ऐलान किया है.CJP ने कल 24 जुलाई को बड़े देशव्यापी प्रदर्शन का ऐलान किया है. इसके साथ ही पार्टी ने आह्रान किया है कि बड़ी संख्या में छात्र इसमें शामिल होकर इसे सफल बनाएं.
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने 24 जुलाई को देशभर में विरोध प्रदर्शन करने का आह्वान किया है. पार्टी ने छात्रों और युवाओं से बड़ी संख्या में आंदोलन में शामिल होने की अपील की है. यह प्रदर्शन पेपर लीक मामले और छात्रों के तमाम मुद्दों और मांगों को लेकर किया जा रहा है. प्रदर्शनकारी छात्र लगातार केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मांग रहे हैं.
सीजेपी ने इस प्रदर्शन की जानकारी एक डिजिटल पंफलेट के जरिये शेयर की है. यह पंफलेट सोशल मीडिया पर तेजी से सर्कुलेट किया जा रहा है. सीजेपी ने लोगों से अपील की है कि वह बड़ी संख्या में पीसफुल प्रोटेस्ट करें और एकजुटता दिखाएं.
संगठन ने हर जिले में एक दिन के लिए शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने की अपील करते हुए कहा है कि यह आंदोलन देशभर में पुलिस कार्रवाई के पीड़ितों के साथ एकजुटता जताने के लिए किया जाएगा. पोस्टर में 'Every District. One Day. One Demand.' का संदेश दिया गया है. प्रदर्शन शुक्रवार, 24 जुलाई को आयोजित होगा और इसके लिए छात्र संगठनों व अन्य सामाजिक संगठनों से मिलकर लोकल लेवल पर परमिशन और जरूरी व्यवस्थाएं करने को कहा गया है.
CJP ने प्रदर्शन के दौरान इकट्ठा हुए लोगों के सामने छात्रों की मांगों को सार्वजनिक रूप से पढ़ने और पुलिस कार्रवाई का सामना करने वालों के प्रति एकजुटता व्यक्त करने की अपील की है. संगठन ने बताया है कि प्रदर्शन से संबंधित स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP), प्रचार सामग्री (Collaterals) और ज्ञापन (Memorandum) का प्रारूप उसकी वेबसाइट पर उपलब्ध कराया गया है. पोस्टर के अंत में 'इंकलाब जिंदाबाद' और 'भारत माता की जय' के नारों के साथ देशभर के लोगों से इस शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की गई है.
बातचीत के लिए CJP ने रखी शर्त
नीट पेपर लीक के मुद्दे पर आंदोलन कर रही कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और केंद्र सरकार के बीच बातचीत को लेकर गतिरोध बना हुआ है. एक तरफ जहां सरकार गतिरोध समाप्त करने के लिए बातचीत की मेज पर आने की अपील कर रही है, वहीं दूसरी तरफ CJP ने अपनी शर्त रख दी है. इसके साथ ही सीजेपी ने शुक्रवार को देशव्यापी प्रदर्शन की अपील की है.
कॉकरोच जनता पार्टी के नेता आशुतोष रांका ने साफ किया है कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा के आवास या मंत्रालय में कोई बैठक नहीं होगी. आशुतोष रांका ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सरकार के प्रस्ताव का जवाब देते हुए कहा कि नड्डा के घर पर कोई बैठक नहीं होगी. उन्होंने कहा कि अगर बातचीत करनी है तो यह जंतर-मंतर या किसी बीच की जगह पर हो सकती है.
आशुतोष रांका ने अपने पोस्ट में लिखा, 'कोई मीटिंग नड्डा जी के घर पर नहीं होगी. या तो जंतर-मंतर या किसी बीच की जगह पर होगी. इस बार केवल औपचारिक बातचीत या हवाबाजी नहीं होनी चाहिए. अगर सरकार CJP के प्रतिनिधियों से मिलना चाहती है तो उनकी मांगों पर ठोस बातचीत करनी होगी. सरकार को या तो उनकी कुछ मांगें माननी होंगी या फिर यह स्पष्ट करना होगा कि उनकी मांगों को कितने दिनों में पूरा किया जाएगा. बातचीत के नाम पर उनका समय बर्बाद नहीं किया जाना चाहिए.'
सरकार ने भेजे चार प्रस्ताव
इससे पहले केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने CJP के साथ बातचीत को लेकर सरकार की ओर से भेजे गए प्रस्तावों की जानकारी दी थी. उन्होंने कहा कि सरकार ने पिछले दिन दोपहर से अब तक CJP के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा के लिए चार औपचारिक प्रस्ताव भेजे हैं. उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं से बातचीत के लिए लगातार तैयार है और सभी मुद्दों पर चर्चा के लिए यह एक खुला निमंत्रण है.प्रदर्शन कर रहे युवा अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी समय बातचीत के लिए आ सकते हैं.
केंद्रीय मंत्री के मुताबिक, बातचीत जेपी नड्डा के कार्यालय या उनके आवास पर हो सकती है. उन्होंने कहा कि सरकार बातचीत के स्थान को लेकर प्रतिष्ठा का सवाल नहीं बना रही है. स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और वह खुद बातचीत के लिए मौजूद रहेंगे. बातचीत के जरिए धीरे-धीरे समाधान की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है. उन्होंने इसे छात्रों के हित में सरकार की ओर से उठाए जा रहे लगातार कदमों का हिस्सा बताया और प्रदर्शन कर रहे युवाओं से बातचीत के लिए आगे आने की अपील की.
वहीं, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने भी कहा कि सरकार बातचीत के लिए तैयार है. एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, 'हां, हम तैयार हैं. हमारे आवास या आधिकारिक कार्यालय में आइए.'
धमकाने वाले पुलिसकर्मी को हटाया गया
मुंबई में छात्र प्रदर्शनकारियों को फर्जी ड्रग्स केस में फंसाने की धमकी देने वाले एक पुलिसकर्मी का वीडियो वायरल होने के बाद मुंबई पुलिस ने कार्रवाई की है. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए वीडियो की जांच के आदेश दिए. जांच पूरी होने तक वीडियो में दिखाई दे रहे पुलिस ड्राइवर को उसकी मौजूदा तैनाती से हटा दिया गया है. पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
यह वीडियो मुंबई कांग्रेस के आधिकारिक एक्स हैंडल से शेयर किया गया, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया. पिछले कुछ दिनों से कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेतृत्व में बड़ी संख्या में छात्र और नागरिक शिवाजी पार्क, चेंबूर और आजाद मैदान समेत मुंबई के कई इलाकों में प्रदर्शन कर रहे हैं.
मुंबई पुलिस के डीसीपी अकबर पठान ने एक बयान में कहा, "मुंबई पुलिस ने INC मुंबई के ट्वीट किए गए वायरल वीडियो की जांच के आदेश दिए - इस वायरल वीडियो के बारे में मुंबई पुलिस ने कहा कि यह बताना है कि मुंबई पुलिस ने मामले में जांच के आदेश दे दिए हैं और फैक्ट्स वेरिफाई करने के बाद एक्शन लिया जाएगा." वायरल वीडियो में जो पुलिसवाला प्रदर्शनकारियों पर ड्रग केस में फंसाने की बात कर रहा है, वह कांस्टेबल पवन सांगले है जो मोटर व्हीकल डिपार्टमेंट से जुड़ा है और अभी सायन पुलिस स्टेशन में काम कर रहा है.
वायरल वीडियो में कुछ छात्र एक पुलिस वाहन के अंदर बैठे दिखाई देते हैं. इसी दौरान आगे की सीट पर बैठा एक पुलिसकर्मी छात्रों को दोबारा प्रदर्शन में शामिल न होने की चेतावनी देता है. मुंबई कांग्रेस के मुताबिक, वीडियो में वह कहता सुनाई देता है कि अगर छात्र फिर से प्रदर्शन में दिखाई दिए तो वह उनकी जिंदगी बर्बाद कर देगा.
इतना ही नहीं, पुलिसकर्मी कथित तौर पर छात्रों को फर्जी ड्रग्स केस में फंसाने की भी धमकी देता है. वीडियो में वह कहता है, "तुम्हारे बैग में 50-50 ग्राम पाउडर डाल दूंगा, फिर पूरी जिंदगी खत्म हो जाएगी." इसके बाद वह यह भी कहता है कि इन प्रदर्शनों की वजह से उसकी अपनी जिंदगी मुश्किल हो गई है.
वीडियो सामने आने के बाद मुंबई पुलिस ने कहा कि मामले की सत्यता और पूरी घटना की जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस के मुताबिक, जांच पूरी होने तक संबंधित ड्राइवर को उसकी वर्तमान पोस्टिंग से हटा दिया गया है. जांच के निष्कर्षों के आधार पर उसके खिलाफ आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी.