बीजेपी आज देशभर में करेगी विरोध प्रदर्शन, कांग्रेस दफ्तरों के बाहर इकट्ठा होंगे कार्यकर्ता

कांग्रेस के प्रधानमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन के बाद बढ़ी सियासी हलचल.

Update: 2026-07-22 04:24 GMT

फोटो: कांग्रेस ट्विटर

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास के बाहर कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर भारतीय जनता पार्टी आज देशभर में विरोध प्रदर्शन करेगी. बीजेपी का आरोप है कि राहुल गांधी और कांग्रेस नेताओं ने प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा प्रोटोकॉल की अनदेखी की. इसी मुद्दे पर पार्टी सभी राज्यों में कांग्रेस कार्यालयों के बाहर आज 12 बजे के बाद प्रदर्शन करेगी.

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई विपक्षी नेता मंगलवार शाम प्रधानमंत्री आवास की तरफ मार्च करते हुए पहुंचे थे. कांग्रेस ने NEET पेपर लीक, छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था.
प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार की तरफ से केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह और गृह सचिव गोविंद मोहन ने राहुल गांधी से बातचीत की. सरकार का कहना था कि संसद में NEET मुद्दे पर चर्चा के लिए वह तैयार है और कांग्रेस को धरना खत्म करना चाहिए. हालांकि, कांग्रेस ने दावा किया कि उनकी मुख्य मांगें नहीं मानी गईं, इसलिए बातचीत बेनतीजा रही.
इसके बाद दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव समेत कई विपक्षी नेताओं को हिरासत में ले लिया. बाद में सभी नेताओं को रिहा कर दिया गया.
उधर संसद का मानसून सत्र लगातार दूसरे दिन भी NEET पेपर लीक और छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई के मुद्दे पर बाधित रहा. विपक्ष ने सरकार पर चर्चा से बचने का आरोप लगाया, जबकि सरकार ने कहा कि वह संसद में चर्चा के लिए तैयार है.
इस पूरे विवाद के बीच बीजेपी ने राहुल गांधी पर सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने का आरोप लगाया है. पार्टी का कहना है कि प्रधानमंत्री आवास जैसे हाई-सिक्योरिटी इलाके में प्रदर्शन करना सुरक्षा नियमों का उल्लंघन है.
कांग्रेस का आरोप है कि सरकार छात्रों की आवाज दबा रही है और NEET पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दे से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है. ऐसे में आज बीजेपी के देशव्यापी विरोध प्रदर्शन के साथ NEET विवाद और केंद्र-विपक्ष का टकराव और तेज होने की संभावना है.
Tags:    

Similar News