तेजस्वी ने 'पीक ऑवर' में बिजली महंगी करने पर बिहार सरकार को घेरा, बताया- 'नीतीश- भाजपा ने फिर पलटी मारी'

Update: 2026-03-30 03:20 GMT
पटना: बिहार में पीक ऑवर में बिजली महंगी करने के फैसले पर विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने सरकार को घेरा है। राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने सोमवार को कहा कि नीतीश- भाजपा ने फिर पलटी मारी है।
राजद के नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि चुनाव के वक्त मुफ़्त 125 यूनिट फ्री बिजली देने का वादा कर 'चीटर मीटर' वाले महज चार महीने में ही जनता को लूटने वाले अपने असल रंग में लौट आए। उन्होंने एक बयान जारी कर कहा कि अब बिहार में शाम 11 बजे तक सर्वाधिक खपत वाले 6 घंटे बिजली बिल 8.10 रुपये प्रति यूनिट, रात्रि 11 बजे से सुबह के 9 बजे तक यानी 10 घंटे तक 7.10 रुपए और फिर शेष 8 घंटे 5.94 रुपये प्रति यूनिट आपकी जेब से वसूलेंगे।
उन्होंने आगे कहा, '10 हजारिया के फेर में फौरी तौर पर खुश होकर वोट गिरवी रखने वालों को यह सरकार अभी इससे भी बुरे दिन दिखाएगी। नई सरकार के अभी चार महीने ही हुए है, सरकार का खजाना एकदम खाली है और जो बचा-खुचा है उसे भ्रष्ट अधिकारी स्वयं समेट लेंगे।"
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव आयोग की अनैतिकता, धूर्तता और निर्लज्जता के सानिध्य में मशीनी तंत्र के मार्फ़त जनतंत्र को खत्म करने के इरादे से लड़े गए इस चुनाव में 'भ्रष्ट भूंजा पार्टी' एवं भ्रष्ट अधिकारियों के कार्टेल ने स्थापित लोकतांत्रिक मर्यादाओं, परंपराओं तथा लोकलाज को तार-तार करते हुए चुनाव के आख़िरी 35 दिनों में (वोटिंग के समय तक भी) जो 41,000 करोड़ रुपए नगद सरकारी खजाने का बांटा है अब आगामी पांच साल तक उसकी जी भरकर वसूली करेंगे।
तेजस्वी ने कहा , "थके-हारे जिस चेहरे को सोची समझी साजिश और षड्यंत्र के तहत मोहरा बनाया गया, अब उसी अचेत चेहरे को भ्रष्ट और डरपोक सिंडिकेट ने इकरारनामे के तहत दरकिनार कर ही दिया है। देर-सवेर यह लोकतांत्रिक कलंक और आसमानी वादों की विफलता भी उन्हीं के माथे मढ़ी जाएगी। पूर्व की मेरी कहे अन्य तमाम बातों की तरह यह भी सत्य साबित होगा।" उन्होंने दावा करते हुए कहा कि अब बिहार में पहले से ही बेकाबू रिश्वतखोरी, लूट और अनियंत्रित भ्रष्टाचार का अब अकल्पनीय दौर शुरू होगा।
Tags:    

Similar News