Shimla. शिमला। रविवार रात से हो रही बारिश से सतलुज नदी का जलस्तर बढ़ गया है। ऐसे में सतलुज नदी के किनारे जाने में खतरा है। रामपुर के नाथपा-झाकड़ी बांध में जल प्रवाह बढऩे के चलते प्रशासन ने लोगों को नदी से उचित दूरी बनाए रखने का आह्वान किया है। साथ ही विकास खंड कार्यालय, पुलिस, राजस्व और एनएचएआई के अधिकारियों से जागरूकता फैलाने और लोगों को सतर्क करने की अपील की है। रात भर से अभी तक बारिश हो रही है। इससे नाथपा बांध के दो गेट खोलने की नौबत आ रही है। हालांकि आज सुबह रेडियल गेट के माध्यम से लगभग 60 क्यूमेक्स अतिरिक्त पानी छोड़ा गया है।
सुबह से रेडियल गेट के माध्यम से लगभग 50 क्यूमेक्स अतिरिक्त पानी छोड़ा जा रहा है। नाथपा बांध से बहाव में कुल संभावित डिस्चार्ज करीब 124 क्यूमेक्स तक पहुंच गया है। यदि जल प्रवाह और बढ़ाए तो अतिरिक्त पानी और भी छोड़ा जा सकता है। बांध के पास लगातार सायरन बजाया जा रहा है, ताकि लोग सतर्क रहें और सतलुज नदी के किनारों से भी दूर रहें। प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि वे स्वयं भी सतर्क रहें और दूसरों को भी सतलुज नदी से दूर रहने की सलाह दें। किसी भी आपात स्थिति से बचने के लिए सतर्कता बरतना आवश्यक है। लोगों को जागरूक करने के लिए जागरूकता वाहन के माध्यम से लाउड स्पीकर से लोगों को सतलुज नदी से दूरी बनाए रखने के लिए जागरूक किया जा रहा है।