सुप्रिया सुले ने PM से मांगा समय कल 11 बजे संसद भवन में NCP-SP सांसदों की होगी मुलाकात
Mumbai मुंबई। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले ने बताया कि उनकी पार्टी के लोकसभा सांसदों ने प्रधानमंत्री से मुलाकात के लिए आधिकारिक तौर पर समय मांगा था। अब प्रधानमंत्री की ओर से उन्हें मुलाकात के लिए समय दे दिया गया है।
सुप्रिया सुले के मुताबिक, एनसीपी (एसपी) के लोकसभा के सभी आठ सांसद सुबह 11 बजे प्रधानमंत्री से मुलाकात करेंगे। यह बैठक संसद भवन परिसर स्थित प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) में होगी। उन्होंने कहा कि पार्टी के सांसदों की ओर से औपचारिक अनुरोध किए जाने के बाद प्रधानमंत्री ने तुरंत सभी आठ सांसदों को मिलने का समय दिया।
सुप्रिया सुले ने प्रधानमंत्री की ओर से समय दिए जाने को सकारात्मक कदम बताया। उन्होंने कहा कि सभी आठ सांसद निर्धारित समय पर प्रधानमंत्री से मुलाकात करेंगे। हालांकि, बैठक में किन मुद्दों पर चर्चा होगी, इसका उन्होंने विस्तृत खुलासा नहीं किया। इस मुलाकात को संसद के भीतर एनसीपी (एसपी) सांसदों और केंद्र सरकार के बीच संवाद के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी सांसद प्रधानमंत्री के समक्ष अपने क्षेत्र और राज्य से जुड़े विभिन्न मुद्दे भी उठा सकते हैं।