Bemetara. बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में दो नाबालिग बच्चों को कथित रूप से बहला-फुसलाकर लखनऊ से लाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि चार अज्ञात लोग दोनों बच्चों को चॉकलेट और समोसा खिलाने के बहाने अपने साथ ले गए थे। इसके बाद उन्हें काले शीशे वाले वाहन में बैठाकर बेमेतरा लाया गया। रास्ते में बच्चों के साथ डंडे से मारपीट करने का भी आरोप लगाया गया है। हालांकि बेमेतरा पहुंचने पर दोनों बच्चों ने सूझबूझ दिखाते हुए बाथरूम जाने का बहाना बनाया और बस स्टैंड के पास
वाहन
से उतरकर भाग निकले। करीब सात दिन बाद बच्चों के मिलने की सूचना पर उनकी माताएं बेमेतरा पहुंचीं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चों के परिवार उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मजदूरी करते हैं। परिजनों ने बताया कि बच्चे कपड़े की दुकान की ओर जा रहे थे। इसी दौरान चार अज्ञात लोग उन्हें चॉकलेट और समोसा खिलाकर अपने साथ ले गए। बच्चों के अचानक गायब होने से परिवार परेशान हो गए और उनकी तलाश शुरू की गई।

काले शीशे वाले वाहन में लाने और मारपीट का आरोप
परिजनों के मुताबिक, अज्ञात लोगों ने दोनों नाबालिगों को काले शीशे वाले वाहन में बैठाया और अपने साथ ले गए। आरोप है कि रास्ते में बच्चों के साथ डंडे से मारपीट भी की गई। बच्चों को लखनऊ से बेमेतरा तक किन रास्तों से लाया गया और इस दौरान वे कहां-कहां रुके, इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

बाथरूम जाने का बहाना बनाकर भाग निकले बच्चे
बेमेतरा पहुंचने के बाद दोनों बच्चों ने वाहन से निकलने के लिए बाथरूम जाने का बहाना बनाया। बस स्टैंड के पास वाहन रुकने पर दोनों बच्चे मौका मिलते ही वहां से भाग निकले। इसके बाद एक बच्चा बेमेतरा के वार्ड क्रमांक 5 मोहभाठा में रहने वाली अपनी बड़ी मां के घर पहुंचा। उसने अपनी बड़ी मां को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों को बच्चों के बेमेतरा पहुंचने की सूचना मिली। करीब सात दिनों से बच्चों की तलाश कर रहे परिवारों को उनके मिलने की खबर मिली तो दोनों बच्चों की माताएं बेमेतरा पहुंचीं।

पुलिस पर तत्काल कार्रवाई नहीं करने का आरोप
घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन बेमेतरा सिटी कोतवाली पहुंचे और शिकायत की। परिजनों का आरोप है कि बुधवार को शिकायत लेकर थाने पहुंचने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई नहीं की और उन्हें वापस भेज दिया। इसके बाद अगले दिन परिजन दोबारा शिकायत करने पहुंचे। इसके बाद पुलिस ने दोनों बच्चों को बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया। समिति के अधिकारियों ने बच्चों से पूछताछ कर मामले की जानकारी ली।

एक बच्चा मां के सुपुर्द, दूसरा बाल गृह में
बाल कल्याण समिति की प्रक्रिया के बाद एक बच्चे को उसकी मां के सुपुर्द कर दिया गया है। वहीं दूसरे बच्चे को कवर्धा स्थित बाल गृह में रखा गया है। जानकारी के अनुसार, रविवार होने के कारण दूसरे बच्चे को उसकी मां के साथ नहीं भेजा जा सका। सोमवार को आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे मां के सुपुर्द किए जाने की बात कही गई है।

लखनऊ में मजदूरी कर परिवार चलाती हैं दोनों माताएं
बच्चों की माताओं मालती निषाद और सुमन ने बताया कि वे लखनऊ में कपड़े की दुकान पर मजदूरी करती हैं। दोनों परिवार मजदूरी करके अपना जीवनयापन करते हैं। इनमें से एक परिवार बेमेतरा जिले के साजा क्षेत्र स्थित खैरझिटी गांव का रहने वाला बताया गया है। एक मां ने बताया कि उसके बच्चे के साथ पहले भी ऐसी घटना हो चुकी है। दोबारा इस तरह की घटना सामने आने से परिवार काफी परेशान है। फिलहाल पुलिस बच्चों को लखनऊ से बेमेतरा लाए जाने के आरोपों की जांच कर रही है। चार अज्ञात लोगों की पहचान और घटना की वास्तविक परिस्थितियों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
Tags: