धर्मशाला मेें सुक्खू सरकार का मेगा शो

Update: 2026-06-19 09:37 GMT
Hospice. धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश की सियासत का रास्ता कांगड़ा से होकर गुजरता है और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इसे बखूबी भांपते हुए अपने दो दिवसीय दौरे को एक शक्ति प्रदर्शन में तबदील कर दिया। कांगड़ा जि़ला के मुख्यालय धर्मशाला के दाड़ी मैदान में आयोजित नवनिर्वाचित पंचायत प्रधानों और उपप्रधानों का शपथ ग्रहण समारोह महज़ एक सरकारी कार्यक्रम की रस्म अदायगी नहीं रहा, बल्कि यह पूरी तरह से चुनावी मोड में आ चुकी भाजपा के लिए कांग्रेस का एक करारा मास्टरस्ट्रोक साबित हुआ। कांगड़ा के सभी कांग्रेसी नेताओं, विधायकों और संगठन के अहम चेहरों की एक मंच पर भारी मौजूदगी ने प्रदेश की राजनीति में एकजुट कांग्रेस, मजबूत कांग्रेस का स्पष्ट और कड़ा संदेश दिया है। कांगड़ा की राजनीति में इस मेगा आयोजन को एक ऐतिहासिक घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है। दाड़ी मैदान के भव्य समारोह में जि़ले के सभी कांग्रेस विधायक, विभिन्न निगमों और बोर्डों के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष, पूर्व विधायक और पार्टी के तमाम वरिष्ठ पदाधिकारी एक साथ
मंच पर दिखे।


अपने इस रणनीतिक दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने केवल सियासी तीर ही नहीं छोड़े, बल्कि कांगड़ा की कई परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास कर माहौल गर्मा दिया है। उन्होंने महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर स्कूल में इनडोर स्टेडियम निर्माण के लिए एक करोड़ रुपए की बड़ी सौगात दी। इसके साथ ही धर्मशाला स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत एचआरटीसी वर्कशॉप, ई-चार्जिंग स्टेशन और कोतवाली बाज़ार के ऐतिहासिक फव्वारा चौक का शानदार लोकार्पण किया। दौरे के दूसरे दिन विकास की इस रफ्तार को बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री ने आयुष विभाग के नए अस्पताल भवन का शिलान्यास किया और स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत निर्मित अत्याधुनिक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का भी शुभारंभ किया। राजनीतिक जानकारों के अनुसार यह पहला मौका है जब मौजूदा सरकार में कांगड़ा के सभी प्रमुख नेता एक ही मंच पर इस तरह एकजुट दिखे हों। भाजपा को सीएम सुक्खू ने स्पष्ट कर दिया है कि सत्ता के इस सबसे निर्णायक जि़ले में कांग्रेस हर राजनीतिक चुनौती से निपटने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है।
Tags:    

Similar News