Bhota. भोटा। ग्राम पंचायत अग्घार के तहत आने वाले चौकड़ में तीन स्लेटपोश मकान आग की भेंट चढ़ गए। गुरुवार रात अचानक सुलगी चिंगारी ने पलक झपकते ही सब राख कर दिया। अग्निकांड में तीन परिवारों का करीब पांच लाख रुपए का नुकसान हुआ है। इस अग्निकांड में घर में रखे हुए बिजली के उपकरण, टीवी, फ्रिज, फर्नीचर व अन्य सामान जल गया है। गनीमत रही कि अग्निकांड में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। अग्निकांड की सूचना दमकल विभाग को दी गई। मौके पर पहुंचे दमकल विभाग ने कड़ी मशक्कत कर आग को काबू किया। जानकारी के मुताबिक गुरुवार देर रात लगभग एक बजे चौकड गांव में के तीन मकानों में आग लग गई। देखते ही देखते तीनों मकान आग के गोले में तबदील हो गए।
आग लगने का चलते ही परिवार घरों से बाहर निकले तथा ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। आग अधिक होने के चलते दमकल विभाग को तुरंत सूचित किया गया। ग्रामीणों ने भी आग को बुझाने के प्रयास किए, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। दमकल विभाग की टीम ने काफी देर तक मशक्कत कर आग को बुझाया लेकिन जब तक काफी अधिक नुकसान हो चुका था। अग्घार पंचायत के नवनियुक्त प्रधान अश्वनी चंबियाल ने बताया कि अगर समय पर अग्निशमन विभाग नहीं पहुंचाता, तो और अधिक नुकसान हो सकता था। आग लगने के के कारणों का पता नहीं चल पाया है। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया है कि पीडि़त परिवारों को यथासंभव सहायता उपलब्ध करवाई जाए।