पहली अगस्त से शुरू होगा शिपकीला-चीन व्यापार

Update: 2026-07-15 11:25 GMT
Reckong Peo. रिकांगपिओ। उपायुक्त किन्नौर डा. अमित कुमार शर्मा ने मंगलवार को उपायुक्त कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में शिपकीला से होने वाले भारत-चीन सीमा व्यापार को लेकर समीक्षा बैठक की। उन्होंने बताया कि शिपकीला से सीमा व्यापार एक अगस्त, 2026 से शुरू होकर 30 नवंबर तक चलेगा। व्यापार को सुचारू और समयबद्ध ढंग से संचालित करने के लिए तहसीलदार पूह भीम सिंह नेगी को ट्रेड अधिकारी नियुक्त किया गया है, जो स्थानीय व्यापारियों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया सुनिश्चित करेंगे। उपायुक्त ने छुप्पन ट्रेड मार्ट का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि आयात-निर्यात की निर्धारित वस्तुओं के व्यापार में किसी
प्रकार की बाधा न आए।


उन्होंने अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी पूह रविंद्र सिंह ठाकुर को विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय, वाणिज्य मंत्रालय, सेना, सीमा शुल्क विभाग और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश भी दिए, जिससे सीमा व्यापार के दौरान व्यापारियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। बैठक में आईबी, राज्य पुलिस, सीमा शुल्क विभाग और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल को भी अपने-अपने दायित्वों का प्रभावी निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक का संचालन अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी पूह रविंद्र सिंह ठाकुर ने किया। इस दौरान सहायक आयुक्त विपिन कुमार, पुलिस उपाधीक्षक उमेश्वर राणा, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक गुरु लाल नेगी, तहसीलदार पूह भीम सिंह नेगी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Tags:    

Similar News