शिमला पुलिस की कार्रवाई, 40 अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश

Update: 2026-06-20 09:26 GMT
Shimla. शिमला। शिमला पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो अलग-अलग मामलों में बाहरी राज्यों से चिट्टे के दो मुख्य सप्लायरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की बैकवर्ड लिंकेज जांच के माध्यम से पंजाब और हरियाणा से इन आरोपियों को पकडक़र नशा तस्करी के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार किया गया है। पहले मामले में पुलिस थाना ठियोग की टीम ने पांच जून, 2026 को राजेश चौहान निवासी जुब्बल, मानिक सूद निवासी कोटखाई और अंशुल शर्मा निवासी जुब्बल के कब्जे से 9.150 ग्राम चिट्टा बरामद किया था। मामले की जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ, तकनीकी विश्लेषण, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मादक पदार्थ की सप्लाई चेन की
गहन पड़ताल की।

जांच में खुलासा हुआ कि बरामद हेरोइन की आपूर्ति खरड़ निवासी हिमांशु कनौजिया उर्फ हर्ष द्वारा की गई थी। इसके बाद पुलिस ने 16 जून को आरोपी हिमान्शु कनौजिया पुत्र राकेश कनौजिया, निवासी गोविंद कॉलोनी, खरड़, जिला एसएएस नगर (मोहाली), पंजाब को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से पूछताछ जारी है और उससे जुड़े अन्य तस्करों की पहचान की जा रही है। दूसरे मामले में पुलिस थाना जुब्बल में 28 अप्रैल 2026 को दर्ज एनडीपीएस अधिनियम के एक मामले में 20.09 ग्राम चिट्टा बरामद कर पंकज, विनय वर्मा और पूजा को गिरफ्तार किया गया था। जांच में सामने आया कि हरियाणा का मनजीत सिंह इस नेटवर्क का मुख्य सप्लायर था। इसके बाद जुब्बल पुलिस की टीम ने 17 जून को फतेहाबाद में दबिश देकर 24 वर्षीय मनजीत सिंह पुत्र दर्शन राम, निवासी गांव म्योंद कलां, जाखल, जिला फतेहाबाद, हरियाणा को गिरफ्तार कर लिया।
Tags:    

Similar News