Kanpur कानपुर। कानपुर के चर्चित दवा कारोबारी विनीत मीनोचा हत्याकांड में आरोपी बनाई गई बहू शालू मीनोचा को बड़ी राहत मिली है। अदालत के आदेश के बाद सोमवार शाम शालू जेल से रिहा हो गई। जेल गेट से बाहर निकलते ही वह अपने भाई से लिपट गई और भावुक होकर फूट-फूटकर रोने लगी। करीब 22 दिन जेल में रहने के बाद बाहर आई शालू ने मीडिया से कोई बातचीत नहीं की। वह सीधे कार में बैठकर लखनऊ स्थित अपने मायके के लिए रवाना हो गई। बताया जा रहा है कि उनका बेटा श्रीजय भी लखनऊ में ही है।
हत्या के आरोप में भेजा गया था जेल
दवा कारोबारी विनीत मीनोचा की हत्या के मामले में पुलिस ने शालू मीनोचा समेत तीन लोगों को सात सितंबर को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। पुलिस को शुरुआती जांच में शालू की भूमिका पर संदेह था और उसे हत्या की साजिश में शामिल होने के आरोप में आरोपी बनाया गया था। मामले में पुलिस ने हत्या की जांच आगे बढ़ाई तो कई नए तथ्य सामने आए। जांच में पुलिस ने दावा किया कि हत्या की साजिश में शालू की भूमिका नहीं मिली, बल्कि उसके पति सुब्रत मीनोचा का नाम सामने आया।
पुलिस जांच में बदली तस्वीर
जांच के दौरान पुलिस ने दावा किया कि विनीत मीनोचा की हत्या की योजना सुब्रत ने बनाई थी। इसके बाद पुलिस ने सुब्रत को मामले में मुख्य आरोपी मानते हुए गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे पारिवारिक विवाद और अन्य कारणों की जांच की गई थी। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर शालू के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य नहीं मिलने की बात कही गई।
कोर्ट ने दिए रिहाई के आदेश
शालू की ओर से अदालत में रिहाई के लिए याचिका दाखिल की गई थी। अदालत ने मामले में उपलब्ध साक्ष्यों को देखते हुए उन्हें राहत दी और न्यायिक अभिरक्षा समाप्त करते हुए रिहा करने का आदेश दिया। अदालत ने निर्देश दिया कि अगर शालू किसी अन्य मामले में वांछित नहीं हैं तो उन्हें तत्काल रिहा किया जाए। साथ ही यह भी कहा गया कि आवश्यकता पड़ने पर उन्हें जांच और न्यायिक प्रक्रिया में सहयोग करना होगा।
जेल से बाहर आते ही भावुक हुई शालू
सोमवार शाम जब शालू जेल से बाहर आईं तो उनके इंतजार में परिवार के लोग मौजूद थे। भाई को देखते ही शालू भावुक हो गईं और उससे लिपटकर रोने लगीं।
22 दिनों तक जेल में रहने के बाद रिहाई मिलने पर परिवार में राहत का माहौल देखा गया। इसके बाद शालू बिना किसी से बातचीत किए कार से अपने मायके के लिए रवाना हो गईं।
मामले में आगे की जांच जारी
विनीत मीनोचा हत्याकांड में पुलिस अभी भी आगे की जांच कर रही है। जांच एजेंसियां मामले से जुड़े अन्य पहलुओं और आरोपियों की भूमिका की पड़ताल कर रही हैं।
विनीत मीनोचा की हत्या के बाद कानपुर में यह मामला काफी चर्चा में रहा था। अब शालू की रिहाई के बाद इस मामले में नया मोड़ आ गया है।
Tags: