Volcano. ज्वालामुखी। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह ने सोमवार को ज्वालामुखी बस अड्डे में पुलिस चौकी का विधिवत उद्घाटन किया और जनता को समर्पित किया। इस पुलिस चौकी को खोलने का मुख्य उद्देश्य ज्वालामुखी बस अड्डे, आसपास के क्षेत्र में और सार्वजनिक स्थलों में पुलिस व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना है, इससे न केवल क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि असामाजिक तत्त्वों पर भी लगाम लगाई जा सकेगी। विश्व विख्यात शक्तिपीठ ज्वालामुखी मंदिर में देश-विदेश से आने वाले वीआईपी यात्रियों को दर्शन करवाने के लिए पुलिस चौकी के जवान हर समय उपलब्ध होंगे।
बस अड्डे और अन्य आसपास के सार्वजनिक स्थलों में छोटे-मोटे लड़ाई झगड़ा, मारपीट और अन्य संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सकेगा। इसके अलावा ज्वालामुखी मंदिर में यात्रियों की ज्यादा भीड़ हो जाने पर भी पुलिस चौकी के जवान मंदिर प्रशासन को समय-समय पर मदद मुहैया करवा सकेंगे। यहां पर सब- इंस्पेक्टर के अलावा हवलदार, कांस्टेबल यानी कुल छह पोस्ट यहां पर स्वीकृत हुए हैं और बाहर से आने वाले यात्रियों को भी यहां पर किसी प्रकार की भी शिकायत या समस्या दर्ज करने में आसानी होगी। इसका पुलिस विभाग और सामाजिक संस्थाओं को लाभ मिलेगा।