Una. ऊना। नगर निगम ऊना के सफाई कर्मियों को समय पर वेतन नहीं मिलने से नाराज कर्मचारियों ने बुधवार को नगर निगम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। लंबे समय से वेतन भुगतान में हो रही देरी के कारण कर्मचारियों में रोष है। प्रदर्शन की अगुवाई महर्षि वाल्मिक गुरु रविदास यूथ एकता महासभा के जिला प्रधान ईशांत कुमार ने की। इस दौरान बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी मौजूद रहे और उन्होंने अधिकारियों के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर की। प्रदर्शन कर रहे सफाई कर्मियों दीपक कुमार, मनोज कुमार, रमन, दीपा सहित अन्य कर्मचारियों ने बताया कि उन्हें कई महीनों से समय पर वेतन नहीं मिल रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि वे अपनी समस्या कई बार नगर निगम अधिकारियों के समक्ष रख चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। उन्होंने बताया कि हर माह वेतन मिलने की कोई निश्चित तारीख नहीं है।
कभी 15 तारीख तो कभी 20 और कई बार 25 तारीख तक सैलरी मिलती है। सफाई कर्मचारियों ने कहा कि वे ऊना शहर में किराये के कमरों में रहकर काम कर रहे हैं। सफाई कर्मियों ने सफाई कार्य रखा ठप, गलियों में पड़ा रहा कूड़ा वेतन भुगतान में देरी के विरोध में कर्मचारियों ने बुधवार सुबह शहर में सफाई कार्य भी नहीं किया। न तो सडक़ों की सफाई की गई और न ही डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने का काम हुआ। इसके चलते शहर के कई हिस्सों में कूड़ा सडक़ों पर बिखरा रहा और गलियों में रखे डस्टबिन कूड़े से भर गए। महर्षि वाल्मिक गुरु रविदास यूथ एकता महासभा के जिला प्रधान ईशांत कुमार ने कहा कि सफाई कर्मी लंबे समय से समय पर वेतन नहीं मिलने के कारण परेशान हो रहे है। कई बार अधिकारियों से बात की गई है, लेकिन इसके बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। अधिकारियों को महीने की 5 तारीख तक वेतन मिल जाता है, लेकिन सफाई कर्मियों की कोई गुहार नहीं सुन रहा है। अगर इनका वेतन जारी नहीं हुआ तो कल से एक बड़ा आंदोलन शुरु किया जाएगा।