Chew. चबा। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गागला का वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर पाठशाला के पूर्व प्रधानाचार्य योगेश्वर अहीर ने अपनी धर्मपत्नी नर्वदा अहीर संग मुख्यातिथि के तौर पर उपस्थिति दर्ज करवाई। समारोह के दौरान बारहवीं कक्षा के छात्र सचिन ठाकुर व सोनिका को स्टूडेंट आफ द ईयर चुना गया। समारोह के दौरान छात्रों ने हिंदी, पंजाबी व पहाड़ी गीतों पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश कर खूब समां बांधा। इस दौरान जनपद की प्यास बुझाने के लिए जिंदा दफन होने वाली रानी सुनयना के बलिदान पर आधारित स्किट कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही। मुख्यातिथि योगेश्वर अहीर ने अपने संबोधन में छात्रों को जीवन में शिक्षा के
महत्व बारे बताया।

उन्होंने छात्रों से शिक्षित नागरिक बनकर देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने छात्रों से नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवन जीने को भी कहा। इससे पहले पाठशाला की कार्यकारी प्रधानाचार्य अवंतिका पुरी की अगुवाई में स्टाफ ने मुख्यातिथि का स्वागत किया। उन्होंने मुख्यातिथि को शाल व टोपी पहनाकर और स्मृति चिंह भेंटकर सम्मानित भी किया। उन्होंने पाठशाला की वार्षिक रिपोर्ट पेश कर वर्ष के दौरान अर्जित उपलब्धियों का ब्यौरा भी पेश किया। समारोह के समापन मौके पर मुख्यातिथि ने पाठशाला के शैक्षणिक सहित सह-शैक्षणिक गतिविधियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्रों को पुरस्कृत भी किया। इस मौके पर पाठशाला की एसएमसी की अध्यक्ष काका राम और सभी स्टाफ मेंबर मौजूद रहे।
Tags: