शक्तिपीठों में 4.03 करोड़ रुपए अर्पित, अश्विन नवरात्र मेले में मां के दरबार धन वर्षा
शिमला। अश्विन नवरात्र मेले में मां के मंदिरों में धन वर्षा हुई है। अश्विन नवरात्र मेले में मां के भक्तों ने प्रदेश के चार शक्तिपीठों में चार करोड़ तीन लाख से अधिक नकद चढ़ावा मइया के चरणों में अर्पित किया है। प्रदेश के पांच शक्तिपीठों में अश्विन नवरात्र मेले के दौरान चिंतपूर्णी, ज्वालाजी, नयनादेवी, बजे्रश्वरी देवी, चामुंडा देवी मंदिर में लाखों श्रद्धालुओं ने माथा टेका। विभिन्न राज्यों से मइया के दर्शनों को पहुंचे श्रद्धालुओं ने मां के चरणों में दिल खोल कर चढ़ावा चढ़ाया है। प्रदेश के चार शक्तिपीठों में मां के भक्तों ने मइया के चरणों में चार करोड़ तीन लाख 76 हजार 815 रुपए का नकद चढ़ावा अर्पित किया है। चिंतपूर्णी मंदिर अधिकारी संजीव प्रभाकर ने बताया कि चिंतपूर्णी मंदिर में अश्विन नवरात्र मेले मेले में मां के भक्तों ने एक करोड़ 11 लाख 80 हजार 950 रुपए का नकद चढ़ावा चढ़ाया है।
श्रीनयनादेवी मंदिर न्यास के अध्यक्ष एवं संयुक्त आयुक्त धर्मपाल चौधरी ने बताया कि श्रीनयनादेवी मंदिर में श्रद्धालुओं ने मां के चरणों में एक करोड़ 13 लाख तीन हजार 958 रुपए का नकद चढ़ावा चढ़ाया है। ज्वालाजी मंदिर में अश्विन नवरात्र मेले में श्रद्धालुओं ने मां के चरणों में एक करोड़ 19 लाख 32 हजार 84 रुपये का नकद चढ़ावा चढ़ाया है। मंदिर अधिकार अजय मंडयाल ने बताया कि अश्विन नवरात्र मेले में मंदिर में चार लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने माथा टेका। बज्रेश्वरी देवी मंदिर में अश्विन नवरात्र मेले में मां के भक्तों ने 59 लाख 59 हजार 823 रुपए का नकद चढ़ावा चढ़ाया है। चामुंडा देवी मंदिर में अश्विन नवरात्र मेले में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए चढ़ावे की गणना अभी की जानी है।