छठे नवरात्र पर मां के चरणों में 35.19 लाख, शक्तिपीठों में दिन भर गूंजे जयकारे
Shimla. शिमला। अश्विन नवरात्र के छठे दिन मइया के भक्तों ने प्रदेश के चार शक्तिपीठों में मइया के चरणों में 35.19 लाख का नकद चढ़ावा चढ़ाया है। मइया के भक्त प्रदेश के शक्तिपीठों में खुले दिल से चढ़ावा चढ़ा रहे हैं। प्रदेश के शक्तिपीठों में सबसे अधिक चिंतपूर्णी मंदिर में 11.38 लाख का चढ़ावा प्राप्त हुआ है। अश्विन नवरात्र मेले के सातवें दिन शनिवार को मइया के दर्शनों के लिए प्रदेश के शक्तिपीठों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। प्रदेश के पांच शक्तिपीठों में शनिवार को चिंतपूर्णी, ज्वालाजी, नयनादेवी, बजे्रश्वरी देवी, चामुंडा देवी मंदिर में 99 हजार श्रद्धालुओं ने माथा टेका। मां के दर्शनों के लिए मंदिरों में श्रद्धालुओं की लाइनें लगी रही। शक्तिपीठों में दिनभर मइया के जयकारे गूंजते रहे। चिंतपूर्णी मंदिर में अश्विन नवरात्र मेले के छठे दिन 11 लाख 38 हजार 486 रुपए का नकद चढ़ावा प्राप्त हुआ है। मंदिर अधिकारी संजीव प्रभाकर ने बताया कि नवरात्र के सातवें दिन चिंतपूर्णी मंदिर में 35 हजार श्रद्धालुओं ने शीष नवाया। उन्होंने बताया कि चिंतपूर्णी मंदिर में श्रद्धालुओं के दर्शन करने के लिए बेहतर प्रबंध किए गए हैं।
वहीं, नयनादेवी मंदिर नवरात्र के छठे दिन श्रद्धालुओं ने मां के चरणों में 11 लाख 27 हजार 983 रुपए का नकद चढ़ावा चढ़ाया है। नयनादेवी मंदिर न्यास के अध्यक्ष एवं संयुक्त आयुक्त धर्मपाल चौधरी ने बताया कि शनिवार को 29 हजार श्रद्धालुओं ने मइया के चरणों में शीष नवाया। वहीं, ज्वालाजी मंदिर में छठे नवरात्र पर श्रद्धालुओं ने मां के चरणों में सात लाख 17 हजार 800 रुपए का नकद चढ़ावा चढ़ाया है। मंदिर अधिकार अजय मंडयाल ने बताया कि नवरात्र के सातवें दिन शुनिवार को मंदिर में 27 हजार श्रद्धालुओं ने माथा टेका। मंदिर अधिकार अजय मंडयाल ने बताया कि अष्टमी तक ज्वाला जी मंदिर मां के दर्शनों के लिए 24 घंटे खुला रहेगा। इसके अलावा कांगड़ा स्थित ब्रजेश्वरी देवी मंदिर में नवरात्र मेले के छठे दिन मां के भक्तों ने पांच लाख 34 हजार 486 रुपए का चढ़ावा चढ़ाया है। ब्रजेश्वरी देवी मंदिर के कार्यकारी मंदिर अधिकरी प्रकाश चंद ने बताया कि नवरात्र मेले के सातवें दिन पांच हजार श्रद्धालुओं ने मां के चरणों में माथा टेका। चामुंडा देवी मंदिर में अश्विन नवरात्र मेले के सातवें दिन तीन हजार श्रद्धालुओं ने मइया के चरणों में शीष नवाया।