दिल्ली के बदरपुर इलाके में 31 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. मृतक की पहचान 31 वर्षीय यशोदा के रूप में हुई. वह गौतमपुरी में अपने पति और बच्चे के साथ रहती थी.
यशोदा के पति की पहचान मनोज के रूप में हुई. यह दंपति अपने 5 साल के बच्चे के साथ रहता था. पुलिस को मंगलवार दोपहर लगभग 12:15 बजे गौतमपुरी इलाके में हत्या के शक को लेकर एक PCR कॉल मिली. पुलिस जब मौके पर पहुंची, तो उन्हें यशोदा कमरे में मृत अवस्था में मिली.
शुरुआती जांच की मानें तो यशोदा सोमवार को अपने पिता से मिलने गई थी. सोमवार रात तकरीबन 11:30 वह अपने कमरे में वापस लौटी. पुलिस ने बताया कि मंगलवार सुबह उनका कमरा बाहर से बंद पाया गया. कुछ देर बाद, यशोदा के पिता को शक हुआ तो उन्होंने ताला तोड़ा. ताला तोड़ने पर यशोदा मृत अवस्था में मिली.
फिलहाल पुलिस मृतक के परिजनों के बयान दर्ज कर रही है. क्राइम टीम ने मौके का निरीक्षण किया है और जरूरी फॉरेंकिस जांच की जा रही है. पुलिस मृतक के पति मनोज की भूमिका की भी जांच कर रही है. जांच अधिकारी घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रहे हैं.