डरा धमकाकर किया दुष्कर्म, बुआ के लड़के ने बहन को बनाया हवस का शिकार
जीजा भी शामिल.
सांकेतिक तस्वीर
कानपुर: कानपुर में काकादेव में रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। जहां एक किशोरी का अश्लील वीडियो बनाकर उसकी बुआ के लड़के और सगे जीजा ने कई बार दुष्कर्म किया। किशोरी के गर्भवती होने पर परिजनों को घटना की जानकारी हुई। मामला पारिवारिक होने के कारण पुलिस से शिकायत किए बिना ही परिजनों ने किशोरी का गर्भपात कराया तो उसकी हालत बिगड़ गई। जिसके बाद पीड़ित परिवार ने मुकदमा दर्ज कराया।
काकादेव निवासी महिला ने पुलिस को बताया कि वह मजदूरी कर अपने परिवार का पालन पोषण कर रही है। आरोप है कि 12 जून को पड़ोस में रहने वाले ननद के लड़के ने 13 वर्षीय बेटी का अश्लील वीडियो बना लिया। जिसे वायरल करने की धमकी देकर आरोपित और उनके सगे दामाद ने बेटी के साथ कई बार दुष्कर्म किया। आरोपितों ने बेटी को जान से मारने की धमकी दी। डर के कारण बेटी ने कोई जानकारी नहीं दी। इस बीच जब बेटी गर्भवती हो गई तो घटना की जानकारी हुई। जिसके बाद आरोपित और उनके परिवार के अन्य लोगों के माफी मांगने पर उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस से नहीं की।
आरोपितों ने बेटी का जबरन गर्भपात करा दिया, जिससे बेटी की हालत बिगड़ गई। विरोध करने पर आरोपितों ने परिवार के साथ मिलकर मारपीट की। घटना के बाद मामले की शिकायत पुलिस से करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिसके बाद आलाधिकारियों से शिकायत करने पर काकादेव पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। थाना प्रभारी मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि आरोपित जीजा को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। अन्य आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।