नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और केंद्रीय मंत्रियों ने गुरुवार को झांसी की रानी लक्ष्मीबाई की जयंती पर नमन किया। प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पोस्ट में कहा, "भारत माता की पराक्रमी संतान रानी लक्ष्मीबाई को उनकी जयंती पर शत-शत नमन। उन्होंने कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी अपने कर्तव्य और आत्मसम्मान से कभी समझौता नहीं किया। विदेशी हुकूमत के विरुद्ध उनके अदम्य साहस और अद्भुत शौर्य की गाथा देश की हर पीढ़ी को मातृभूमि के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने की प्रेरणा देती रहेगी।"
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने एक्स पर लिखा, "1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की महान वीरांगना, अदम्य शौर्य और अप्रतिम पराक्रम की प्रतीक झांसी की रानी लक्ष्मीबाई की जयंती पर शत-शत नमन। मातृभूमि की स्वतंत्रता, स्वाभिमान और सम्मान की रक्षा के लिए उन्होंने जिस अद्वितीय साहस, रणकौशल और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया, वह भारतीय इतिहास में सदैव स्वर्णाक्षरों में अंकित रहेगा। अंग्रेजी शासन की विस्तारवादी नीति के सम्मुख उन्होंने अदम्य प्रतिरोध प्रस्तुत किया और विषम परिस्थितियों में भी अपने स्वाधीनता के संकल्प को अडिग रखा। उनका संघर्ष केवल झांसी की अस्मिता की रक्षा तक सीमित नहीं था, बल्कि पराधीनता के विरुद्ध उठी उस राष्ट्रीय आकांक्षा का सशक्त स्वर था, जिसने स्वतंत्रता आंदोलन को नई प्रेरणा और ऊर्जा प्रदान की।"
लोकसभा अध्यक्ष ने आगे कहा, "रानी लक्ष्मीबाई का व्यक्तित्व साहस, नेतृत्व, आत्मसम्मान और राष्ट्रनिष्ठा का अनुपम समन्वय था। रणभूमि में उनका शौर्य और मातृभूमि के प्रति उनका समर्पण भारतीय नारी की सामर्थ्य, अदम्य इच्छाशक्ति तथा स्वाभिमान का कालजयी उदाहरण है। उनका जीवन आज भी देश की बेटियों और युवाओं को निर्भीकता, कर्तव्यपरायणता और राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उनका अमर बलिदान भारतीय जनमानस में सदैव श्रद्धा और गौरव के साथ स्मरण किया जाता रहेगा।"
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक्स पर पोस्ट किया, "प्रथम स्वाधीनता संग्राम की अग्रदूत, शौर्य, साहस और स्वाभिमान की प्रतिमूर्ति, महान वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई जी की जयंती पर उनके चरणों में कोटि-कोटि नमन करता हूं। अपनी वीरता और साहस से आपने भारतीय इतिहास में ऐसा अद्वितीय अध्याय जोड़ा है, जो देशवासियों को युगों-युगों तक गौरवान्वित करता रहेगा। मातृभूम‍ि का कण-कण आपका अनंत काल तक ऋणी रहेगा।"
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने एक्स पर लिखा, "अदम्य साहस, अद्वितीय पराक्रम और राष्ट्रभक्ति की जीवंत प्रतीक झांसी की रानी लक्ष्मीबाई जी की जयंती पर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। मातृभूमि के गौरव और सम्मान की रक्षा के लिए सर्वस्व बलिदान कर देने वाली ऐसी महान वीरांगना की गौरवगाथा सदैव भावी पीढ़ियों को राष्ट्र एवं समाज की उन्नति के लिए प्रेरित करती रहेंगी।"
उत्तर प्रदेश के भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने एक्स पर लिखा, "महान वीरांगना एवं अदम्य साहस की प्रतीक महारानी लक्ष्मीबाई की जयंती पर कोटि-कोटि नमन। 1857 की क्रांति में अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध उनके अद्भुत शौर्य और मातृभूमि के लिए सर्वोच्च बलिदान ने स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में अमिट छाप छोड़ी। उनका त्याग, साहस और स्वाभिमान सदैव देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा।"
Tags: