नई दिल्ली: दिल्ली में इंडिया गठबंधन की महारैली को संबोधित करते हुए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने चुनावों में वोट चोरी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि देश में कई सालों से वोट चोरी हो रही है। मध्य प्रदेश, हरियाणा, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और कर्नाटक के चुनावों के साथ 2024 के लोकसभा चुनाव में भी वोट चोरी हुई है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (EVM) के जरिए वोटों में गड़बड़ी की गई। इसके अलावा मतदाता सूची से लोगों के नाम हटाकर और नए नाम जोड़कर भी चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित किया गया।

नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अमित शाह ने कहा था कि नरेंद्र मोदी कहीं नहीं जाने वाले हैं, लेकिन वह इसका उल्टा कह रहे हैं कि नरेंद्र मोदी कहीं जा नहीं सकते। अगर वह जाना भी चाहें तो उन्हें जाने नहीं दिया जाएगा। राहुल गांधी ने कहा कि ज्ञानेश कुमार के बाद वे सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार के सामने खड़े होंगे। उन्होंने कहा कि इन लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा, ‘पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह याद रखिए, आप कहीं नहीं जा सकते हैं। ज्ञानेश कुमार के साथ ही मोदी और शाह पर भी कार्रवाई होगी।’
राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह या मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से कोई नफरत नहीं है। उन्होंने कहा कि वे नफरत नहीं, बल्कि मोहब्बत की दुकान खोलने वाले लोग हैं और अहिंसा में विश्वास रखते हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि उनके लिए कोई दुश्मन नहीं है, न नरेंद्र मोदी, न अमित शाह और न ही ज्ञानेश कुमार। लेकिन देश के हर नागरिक की आवाज उनके लिए सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण है। यहां तक कि यह आवाज उनके धर्म से भी ऊपर है। उन्होंने कहा कि वे हिंसा नहीं करेंगे, किसी को नुकसान नहीं पहुंचाएंगे और नफरत नहीं फैलाएंगे, बल्कि मोहब्बत के साथ काम करेंगे। हालांकि, राहुल गांधी ने साफ कहा कि वे किसी भी कीमत पर संविधान को बर्बाद नहीं होने देंगे और ऐसा करने की किसी को अनुमति नहीं देंगे।
राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मैं देश के हर नागरिक और युवा से कह रहा हूं कि ज्ञानेश कुमार को मुख्य चुनाव आयुक्त के पद से हटाया जाएगा और उन्हें जेल जाना पड़ेगा। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार के बिना न तो नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बन पाते और न ही अमित शाह गृह मंत्री बन पाते। उन्होंने कहा कि देश में किसानों को उनका हक नहीं मिल रहा है और युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा। मजदूर भी अपने अधिकारों से वंचित हैं, जबकि देश की पूरी संपत्ति दो-तीन लोगों के हाथों में सिमट गई है। राहुल गांधी ने कहा कि वे ऐसा भारत नहीं चाहते और न ही देश में इस तरह की व्यवस्था को स्वीकार करेंगे।
Tags: