गुशैणी। जिला कुल्लू उपमंडल बंजार की ग्राम पंचायत तांदी में आयोजित ग्राम सभा में सोमवार को सतत एवं समुदाय आधारित पर्यटन को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। ग्राम सभा में 200 से अधिक ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर क्षेत्र की बीडीसी सदस्य भूमा देवी भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। ग्राम सभा के दौरान जिभी वैली टूरिज्म डेवलपमेंट एसोसिएशन के प्रतिनिधि ने समुदाय आधारित पर्यटन की अवधारणा पर विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि पर्यटन का वास्तविक लाभ तभी संभव हैए जब स्थानीय लोगों को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर मिलें, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण हो तथा क्षेत्र की सांस्कृतिक और पारंपरिक पहचान सुरक्षित बनी रहे।
बैठक में जिभी घाटी में बढ़ रहे पर्यटन के प्रभावों और भविष्य की चुनौतियों पर भी गंभीर चर्चा की गई। संघ के पदाधिकारियों ने जिम्मेदार एवं सतत पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ग्राम सभा के समक्ष कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव प्रस्तुत किए, जिनका ग्रामीणों ने व्यापक समर्थन किया। ग्राम सभा में पंचायत क्षेत्र में बढ़ते ध्वनि प्रदूषण तथा अवैध पार्टी संस्कृति पर प्रभावी नियंत्रण की आवश्यकता पर जोर दिया गया। इसके साथ ही सभी होटल, होमस्टे और अन्य पर्यटन इकाइयों को संगठित ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली से जोडऩे का प्रस्ताव रखा गया, ताकि स्वच्छता और पर्यावरण को सुरक्षित रखा जा सके। बैठक में वन विभाग, पंचायत के सहयोग से पर्यटन स्थलों पर व्यवस्थित वेंडिंग ज़ोन विकसित करने का सुझाव भी दिया गया।