कैशबैक स्कीम लाने की तैयारी, 14 को निदेशक मंडल की बैठक में होगा फैसला

Update: 2025-07-06 09:46 GMT
Shimla. शिमला। हिमाचल प्रदेश में लंबी दूरी की यात्रा पर एचआरटीसी यात्रियों को रियायत देने की सोच रही है। इस तरह की एक स्कीम बनाई जा रही है, जिससे यात्रियों की संख्या उनकी बसों में बढ़े। इसे कैशबैक स्कीम बताया जा रहा है जिस पर एचआरटीसी के निदेशक मंडल की बैठक में फैसला होगा। जिस तरह से सोशल ऐप गूगल-पे या फिर पेटीएम आदि में लोगों को कैश बैक दिया जाता है उसी तरह से लंबी दूरी की यात्रा में एचआरटीसी कुछ रियायत रखने वाली है। अभी इस योजना का प्रारूप साफ नहीं है, क्योंकि निदेशक मंडल की बैठक में ही इस पर चर्चा होनी है, लेकिन यह तय माना जा रहा है कि अपने यात्रियों की संख्या को बढ़ाने के लिए एचआरटीसी कोई योजना ला
सकती है।


14 जुलाई को होने वाली निदेशक मंडल की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी के लिए रखा जाएगा। सभी सदस्यों की सहमति के बाद ही इसे लागू किया जाएगा। निगम के प्रबंध निदेशक डा निपुण जिंदल ने इसको लेकर अधिकारियों के साथ बैठक भी की। ग्रीन कार्ड, स्मॉर्ट कार्ड, सम्मान कार्ड जैसी योजनाओं के बाद अब कैश बैक की योजना निगम शुरू करने जा रहा है। बैठक की अध्यक्षता उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री करेंगे। इसमें एचआरटीसी के उपाध्यक्ष अजय वर्मा आदि अधिकारी मौजूद रहेंगे। वहीं निदेशक मंडल की बैठक में एचआरटीसी की डीजल बसों की खरीद को भी मंजूरी के लिए रखा जाएगा। टैम्पो ट्रैवलर की खरीद को महत्त्वपूर्ण निर्णय होगा, क्योंकि बस के इंजन व बॉडी को लेकर अभी मसला सुलझा नहीं था जिस पर इसी बैठक में फैसला लिया जाएगा। निदेशक मंडल की बैठक में 35 एजेंडा आइटम शामिल की गई हैं, जिन पर चर्चा होगी।
Tags:    

Similar News