भागलपुर में झगड़ा सुलझाने गई पुलिस टीम पर हमला, SI समेत चार घायल

बड़ी खबर

Update: 2025-03-15 18:46 GMT
Bhagalpur. भागलपुर। बिहार के भागलपुर जिले के अंतिचक थाना क्षेत्र के कसडी गांव में शुक्रवार शाम को बच्चों के विवाद से शुरू हुआ झगड़ा बड़ा रूप ले लिया और पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, शाम करीब 7 बजे बच्चों के बीच विवाद हुआ, जो बढ़ते-बढ़ते दो पक्षों के बीच संघर्ष में बदल गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन तभी पहले बच्चों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया, जिसके बाद भीड़ ने भी ईंट-पत्थर फेंकने शुरू कर दिए।

इस हमले में सब-इंस्पेक्टर (एसआई), तीन सिपाही और एक चौकीदार गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया। स्थिति को काबू में करने के लिए भारी पुलिस बल बुलाया गया। घायलों को कहलगांव अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। इस मामले में तैनात मजिस्ट्रेट संजीव चौधरी के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। अंतिचक थाना अध्यक्ष आशुतोष कुमार ने बताया कि पुलिस टीम झगड़ा शांत कराने गई थी, तभी अचानक भीड़ ने हमला कर दिया। पुलिस आरोपियों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार करने की कार्रवाई में जुटी है।
Tags:    

Similar News