शिमला। हिमाचल प्रदेश पुलिस के एक डीएसपी रैंक के अधिकारी सोशल मीडिया पर ज्योतिष और राशिफल से जुड़े वीडियो बनाने के आरोपों के कारण विभागीय जांच के दायरे में आ गए हैं। पुलिस मुख्यालय ने मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है और उनसे पूरे मामले में लिखित स्पष्टीकरण मांगा है। फिलहाल पुलिस विभाग इस बात की जांच कर रहा है कि कहीं अधिकारी ने सेवा नियमों का उल्लंघन तो नहीं किया। जानकारी के अनुसार प्रारंभिक जांच में पता चला है कि जिस सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर ज्योतिष और राशिफल से जुड़े वीडियो डाले गए, वहां एक ऑनलाइन ज्योतिष कोर्स का भी प्रचार किया गया था।
जानकारी के अनुसार इस कोर्स की फीस पांच हजार रुपए रखी गई थी। इसी को देखते हुए पुलिस मुख्यालय यह भी जांच कर रहा है कि क्या संबंधित अधिकारी ने विभाग की अनुमति के बिना इस तरह की गतिविधि में हिस्सा लिया और क्या इससे किसी प्रकार की अतिरिक्त कमाई की गई। वहीं डीएसपी ने अपने जवाब में कहा है कि संबंधित यूट्यूब चैनल उनकी पत्नी संचालित करती हैं और उसका संचालन या उससे होने वाली गतिविधियों से उनका कोई सीधा संबंध नहीं है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया है कि वे इस चैनल के माध्यम से कोई आर्थिक लाभ नहीं ले रहे हैं।