Delhi दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह को भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जुड़े विशेष उपहार भेंट किए। दो दिवसीय भारत दौरे पर नई दिल्ली पहुंचे बालेन शाह ने हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने भारत-नेपाल संबंधों और द्विपक्षीय सहयोग से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
प्रधानमंत्री मोदी ने नेपाली प्रधानमंत्री को भगवान राम के जीवन पर आधारित ‘कलमकारी संपूर्ण रामायण’ पेंटिंग भेंट की। इस पेंटिंग में भगवान राम के जन्म, वनवास, रावण पर विजय और अयोध्या वापसी तक की प्रमुख घटनाओं को दर्शाया गया है।
यह विशेष पेंटिंग आंध्र प्रदेश की पारंपरिक श्रीकालहस्ती शैली में कपड़े पर हाथ से तैयार की गई है। इसे बनाने में बांस की कलम और प्राकृतिक रंगों का इस्तेमाल किया गया है। यह कलाकृति भारत और नेपाल के साझा धार्मिक एवं सांस्कृतिक संबंधों का प्रतीक है।
इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी ने बालेन शाह को वाराणसी की प्रसिद्ध बनारसी ब्रोकेड रेशमी शॉल भेंट की। इस शॉल को गुजरात की पारंपरिक कारीगरी से तैयार सदेली बॉक्स में रखा गया था। शॉल पर बारीक डिजाइन और जरी का आकर्षक काम किया गया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने नेपाली प्रधानमंत्री को वाराणसी का पवित्र गंगाजल भी भेंट किया। इन उपहारों के जरिए भारत की धार्मिक परंपराओं और हस्तशिल्प कला की झलक प्रस्तुत की गई। मुलाकात के दौरान दोनों प्रधानमंत्रियों ने अयोध्या और नेपाल के जनकपुर के बीच ट्रेन सेवा को वर्चुअली हरी झंडी भी दिखाई। यह रेल सेवा दोनों देशों के सांस्कृतिक और धार्मिक जुड़ाव के लिहाज से महत्वपूर्ण है।
Tags: