BJP विधायक सुशील सिंह के काफिले में घुसी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो, दो फॉर्च्यूनर क्षतिग्रस्त
विधायक सुशील सिंह के काफिले की 2 फॉर्च्यूनर को टक्कर
चंदौली। उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में सोमवार रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। भाजपा विधायक सुशील सिंह के काफिले में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो घुस गई और काफिले में शामिल दो फॉर्च्यूनर गाड़ियों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। वहीं, कुछ लोगों को मामूली चोटें आई हैं, जबकि स्कॉर्पियो सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार रात विधायक सुशील सिंह का काफिला जिला मुख्यालय की ओर से गुजर रहा था। इसी दौरान फुटिया के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अचानक काफिले में घुस गई और एक फॉर्च्यूनर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि पहली टक्कर के बाद स्कॉर्पियो चालक ने मौके से भागने की कोशिश की। इसी दौरान जगदीशसराय के पास उसने काफिले में शामिल दूसरी फॉर्च्यूनर को भी टक्कर मार दी। इस हादसे में दूसरी गाड़ी को भी काफी नुकसान पहुंचा। घटना के समय भाजपा विधायक सुशील सिंह काफिले में मौजूद थे। हालांकि, उनकी गाड़ी सुरक्षित रही और उन्हें कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
हादसे में गंभीर रूप से घायल स्कॉर्पियो सवार युवक की पहचान सैयदराजा क्षेत्र के मनराजपुर निवासी पंकज यादव के रूप में हुई है। घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। एक ही काफिले की दो गाड़ियों को टक्कर मारने की घटना चर्चा का विषय बनी हुई है। फिलहाल हादसे की वास्तविक वजह और स्कॉर्पियो की रफ्तार को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।