धार। मध्य प्रदेश के धार जिले में सोमवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बदनावर के कोटेश्वर इलाके में तेज रफ्तार मिनी लोडिंग वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीन बच्चियों समेत चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 20 वर्षीय युवक भी शामिल है। चारों आपस में चचेरे भाई-बहन थे। इस घटना से दो परिवारों में मातम पसर गया है।
जानकारी के मुताबिक, चारों मृतक कानवन थाना क्षेत्र के ग्राम पांदा के रहने वाले थे। सोमवार देर रात वे एक ही स्प्लेंडर बाइक पर सवार होकर कोटेश्वर में अपनी बहन के यहां आयोजित रात्रि जागरण में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में तेज रफ्तार मिनी लोडिंग वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। हालांकि, तीनों बच्चियों ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया, जबकि बाइक चला रहे युवक की लोडिंग वाहन के नीचे फंसने से मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान आनंदी (15), भूरी (13), सुहानी (8) और शुभम मेड़ा (20) के रूप में हुई है। आनंदी और भूरी सगी बहनें थीं, जबकि सुहानी और शुभम उनके चचेरे भाई-बहन थे। घटना की जानकारी मिलते ही कानवन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू की। धार की एएसपी पारुल बेलापुरकर ने भी हादसे की जानकारी दी। पुलिस दुर्घटना के कारणों और मिनी लोडिंग वाहन चालक की भूमिका की जांच कर रही है। एक साथ चार लोगों की मौत से ग्राम पांदा में शोक का माहौल है।
Tags: