PM मोदी और ट्रंप की नहीं होगी मुलाकात...आज प्रधानमंत्री मोदी के रुख पर रहेगी नजर

Update: 2025-06-17 02:38 GMT

नई दिल्ली: G7 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुलाकात अब नहीं होगी. राष्ट्रपति ट्रंप स्थानीय समयानुसार सोमवार रात तक वाशिंगटन डीसी लौट जाएंगे. मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के कारण ट्रंप ने अपना दौरा बीच में ही खत्म करने का फैसला लिया है.

प्रधानमंत्री मोदी इस शिखर सम्मेलन के दौरान G7 देशों के नेताओं, आमंत्रित आउटरीच देशों के प्रमुखों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रमुखों के साथ महत्वपूर्ण वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे. इन मुद्दों में एनर्जी सिक्योरिटी, टेक्नोलॉजी और इनोवेशन जैसे विषय शामिल होंगे, खासकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और ऊर्जा के आपसी संबंध तथा क्वांटम तकनीक से जुड़े पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा.
इस साल G7 शिखर सम्मेलन की मेजबानी कनाडा कर रहा है. G7 देशों के नेताओं के अलावा इस बार यूरोपीय संघ (EU) और कुछ गैर-G7 देशों के प्रमुखों को भी आमंत्रित किया गया है. कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी द्वारा आमंत्रित नेताओं में मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लॉडिया शेनबॉम, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान शामिल हैं. इसके अलावा यूक्रेन, ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील, इंडोनेशिया, दक्षिण अफ्रीका और दक्षिण कोरिया के नेता भी इस सम्मेलन में शिरकत करेंगे.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कनाडा में चल रहे ग्रुप ऑफ सेवन (G7) शिखर सम्मेलन से एक दिन पहले ही रवाना हो रहे हैं. व्हाइट हाउस ने सोमवार को इसकी जानकारी दी. ट्रंप ने पत्रकारों से कहा, 'मुझे जल्द लौटना होगा- कारण तो जाहिर हैं.' व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन ने एक्स पर लिखा, 'मिडिल ईस्ट में हालात को देखते हुए राष्ट्रपति ट्रंप आज रात स्टेट हेड्स के साथ डिनर के बाद रवाना होंगे.'

Tags:    

Similar News

null