नौहराधार। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौहराधार के जर्जर भवन की छत से सीमेंट की भारी परत गिरने से रात की ड्यूटी पर तैनात चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी नरेश कुमार घायल हो गए। घटना ने स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्थाओं और अस्पताल भवन की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हैरानी की बात यह है कि अस्पताल के डेंटल क्लिनिक की छत से पहले भी सीमेंट की परत गिर चुकी है।
घटना रात सोमवार करीब 11 बजे की है। उस समय नरेश कुमार अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात थे और आराम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक छत से सीमेंट की भारी परत टूटकर सीधे उनके पांव पर जा गिरी। गनीमत यह रही कि सीमेंट की परत उनके सिर पर नहीं गिरी अन्यथा गंभीर चोट लगने के साथ बड़ा हादसा भी हो सकता था। घटना के तुरंत बाद चिकित्सकों और स्टाफ नर्स ने घायल कर्मचारी को प्राथमिक उपचार दिया।
सीएचसी का 30 बिस्तरों वाला नया भवन तैयार है, लेकिन इसका उद्घाटन अब तक नहीं हो पाया है। उद्घाटन 23 सितंबर को निर्धारित था, जिसे बाद में टाल दिया गया। चर्चा है कि एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड और अन्य आवश्यक सुविधाएं पूरी नहीं होने के कारण उद्घाटन में देरी हुई। क्षेत्र की 18 पंचायतों के लोगों ने सरकार और स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि नए भवन में सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाकर इसे जल्द शुरू किया जाए, ताकि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
Tags: