आरोपी सांसद को चुनावी जिम्मेदारी देने पर भड़कीं रेखा गुप्ता, प्रियंका गांधी से मांगा जवाब
यौन उत्पीड़न के आरोप
दिल्ली। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मणिपुर विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की समितियों में यौन उत्पीड़न के आरोपों से घिरे सांसद को शामिल करने पर पार्टी नेतृत्व को घेरा है। उन्होंने कांग्रेस पर महिला सम्मान के मुद्दे पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से सवाल किए। रेखा गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस एक तरफ महिलाओं के सम्मान की बात करती है, जबकि दूसरी तरफ अपनी ही पार्टी के ऐसे सांसद को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां देती है, जिन पर जेएनयू की छात्राओं ने दुराचार और यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने इस फैसले को शर्मनाक बताया।
मुख्यमंत्री के अनुसार, संबंधित सांसद को मणिपुर विधानसभा चुनाव की कैंपेन कमेटी का सदस्य और घोषणापत्र समिति का सह-अध्यक्ष बनाया गया है। उन्होंने सवाल किया कि गंभीर आरोपों का सामना कर रहे व्यक्ति को पार्टी की प्रमुख चुनावी समितियों में शामिल करने के पीछे क्या मजबूरी थी। प्रियंका गांधी के ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ नारे का उल्लेख करते हुए रेखा गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस के फैसले उसके महिला सम्मान संबंधी दावों पर सवाल खड़े करते हैं। उन्होंने तंज किया कि प्रियंका के कदमों से ‘सह सकती हूं और चुप रह सकती हूं’ का संदेश दिखाई देता है।
रेखा गुप्ता ने दावा किया कि संबंधित सांसद के खिलाफ एफआईआर दर्ज है और उन्हें प्रोफेसर पद से बर्खास्त किया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्राओं की गंभीर शिकायतों के बावजूद कांग्रेस ऐसे व्यक्ति को पार्टी का चेहरा और चुनावी अभियान से जुड़ी समितियों का हिस्सा बना रही है। मुख्यमंत्री ने प्रियंका गांधी से इस नियुक्ति पर जवाब देने की मांग की। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान की बात करने वाले कांग्रेस नेतृत्व को अपने निर्णय का कारण स्पष्ट करना चाहिए।