Registered श्रमिकों के बनेंगे पीएचएच राशन कार्ड

Update: 2024-06-29 12:25 GMT

Dharmashaala. धर्मशाला। अब देश भर में ई-श्रम पोर्टल में रजिस्टर्ड श्रमिकों के राशन कार्ड न होने व एपीएल में होने पर प्राइमरी हाउस होल्ड (पीएचएच) में कन्वर्ट होंगे। बिना राशन कार्ड और एपीएल धारकों के कार्ड पीएचएच में कन्वर्ट होने से श्रमिकों को मुफ्त व सस्ता राशन मिल सकेगा। देश भर में ई-श्रम पोर्टल में पंजीकृत श्रमिकों के राशन कार्ड चलाने का अभियान शुरू कर दिया गया है, जिससे कि उन्हें नेशनल फूड सिक्योरिटी एक्ट (एनएफएसए) का लाभ प्रदान किया जा सके। इसके लिए पंजीकृत श्रमिकों को अपने संबंधित पंचायत क्षेत्र के सचिव व शहरी क्षेत्रों में खाद्य आपूर्ति विभाग के इंस्पेक्टर के पास पहुंचना होगा। अब देश भर सहित हिमाचल प्रदेश में ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकृत श्रमिकों के राशन कार्ड बनाए जाएंगे। खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग हिमाचल प्रदेश की ओर से इस संबंध में सभी जिलों के रजिस्ट्रड श्रमिकों का डाटा भी एकत्रित कर छानबीन के बाद चयनित कर लिया गया है।

इसके आधार पर राशन कार्ड को बदलने की प्रक्रिया भी युद्ध स्तर पर शुरू कर दी गई है, बावजूद इसके कुछेक श्रमिकों को इसके बारे में जानकारी न होने से कार्ड कन्वर्ट होने में काफी देरी हो रही है। योजना के तहत श्रमिक, जिनका देश में कहीं पर भी राशन कार्ड नहीं है, साथ ही श्रमिकों का कार्ड एपीएल व अन्य श्रैणी में शामिल है तथा वह ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकृत हैं, उनके राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम, 2013 के तहत राशन कार्ड बनाए जाएंगे। इसके अंतर्गत हर परिवार के प्रति व्यक्ति के हिसाब से दो किलो 800 ग्राम आटा तथा दो किलो चावल उपलब्ध करवाए जाएंगे। इतना ही नहीं, पीएचएच राशन कार्ड होल्डर को चीनी, दालें व तेल भी अन्य कार्डों के मुकाबले सस्ते दामों पर ही उपलब्ध हो पाएगा। राशन कार्ड बनाने के लिए ई-श्रम पंजीकरण प्रमाणपत्र, आधार कार्ड व रजिडेंसियल प्रूफ अनिवार्य होगा। उधर, जिला नियंत्रक, खाद्य आपूर्ति विभाग कांगड़ा पुरुषोत्तम सिंह ने बताया कि इस संबंध में किसी भी अन्य जानकारी के लिए जिला नियंत्रक, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले से भी संपर्क किया जा सकता है। जिला कांगड़ा में 13175 श्रमिक ई-श्रम पोर्टल में पंजीकृत हैं, जिनमें 5030 के पीएचएच राशन कार्ड बनवा लिए गए हैं।
Tags:    

Similar News

-->