परवाणू से सोलन एनएच होगा चकाचक

Update: 2025-03-29 12:23 GMT
Solan. सोलन। परवाणू से सोलन एनएच-5 जल्द ही चकाचक होने वाला है। फोरलेन निर्माता कंपनी एनएच की मेंटेनेंस का काम शुरू कर दिया है। 20 करोड़ रुपए की लागत से करीब 25 हजार स्क्वयेर मीटर पर बने पैच को दुरूस्त किया जाएगा और व्हाइट पट्टी सहित साइन बोर्ड व अन्य कार्यों को भी किया जाएगा। कंपनी ने यह कार्य परवाणू की ओर से शुरू किया है और धीरे-धीरे इसे सोलन तक किया जाएगा। कंपनी प्रबंधकों की मानें तो अप्रैल माह के अंत तक इस कार्य को पूरा कर लिया जाएगा। मेंटेनेंस का कार्य पूरा होने का सीधा लाभ यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को मिलेगा। जानकारी के अनुसार परवाणू से सोलन तक ग्रिल कंपनी ने सडक़ की हालत सुधारने के लिए कार्य शुरू कर दिया है। शुरुआती दिनों में परवाणू से सोलन की तरफ एकलेन को ठीक किया जा रहा है। जहां सडक़ पर क्रैक पड़े हैं या फिर गड्ढे हो गए हैं, उसे पहले मिलिंग मशीन से ठीक किया जा रहा है और बाद में पैचवर्क कर उसे कंपलीट कर
दिया जाएगा।

इसके अलावा जहां जरुरत है वहां पेवर का भी काम होगा। सडक़ ठीक करने के अलावा ग्रिल कंपनी सडक़ के साथ व्हाइट पट्टी को भी लगाएगी ताकि लोगों को रात के समय भी सडक़ आसानी से नजर आए। इतना ही नहीं सोलन से परवाणू के बीच करीब 1000 साइन बोर्ड भी लगाने की योजना है। इससे भी लोगों को राहत मिलेगी। कंपनी की मानें तो जहां-जहां अवैध रूप से कट बनाए गए हैं उन्हें भी बंद किया जाएगा ताकि किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके। कंपनी की ओर से इस कार्य को जल्द पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है ताकि लोगों को असुविधा न हो। कंपनी ने अप्रैल महीने के अंत तक कार्य पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस बीच लोगों की सुविधा को देखते हुए पहले एक लेन पर कार्य होगा और उसके बाद सोलन से दूसरी लेन के काम को पूरा किया जाएगा। उधर, कंपनी के अधिकारियों ने फिलहाल काम चले होने की स्थिति में सडक़ से गुजर रहे लोगों से अपील की है कि वह उन्हें सहयोग करें ताकि एक तरफ काम आसानी से हो सके।
Tags:    

Similar News