पंचरुखी। करवा चौथ पर्व को लेकर पंचरुखी के बाजारों में खूब रौनक देखने को मिल रही है। पति की लंबी आयु की कामना के लिए रखे जाने वाले इस व्रत की तैयारियों में महिलाएं जुटी हुई हैं। बाजार में हर ओर महिलाओं की भीड़ नजर आ रही है। मिठाइयों, फेनियों, चूडिय़ों, कपड़ों और शृंगार सामग्री की दुकानों पर खरीदारी का दौर जारी है। 29 अक्टूबर को मनाए जाने वाले करवा चौथ पर्व को लेकर बाजार में उत्साह का माहौल है। लंबे समय से मंदी का सामना कर रहे व्यापारियों को भी त्योहार के चलते राहत मिलने की उम्मीद जगी है। दुकानदारों ने ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए अपनी दुकानों को रंग-बिरंगी चूडिय़ों और शृंगार सामग्री से सजाया है। मिठाई की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ लगी हुई है, वहीं रेडीमेड कपड़ों की दुकानों पर आकर्षक परिधानों की खरीदारी हो रही है।


कपड़ों की दुकानों पर महिलाएं अपनी बारी का इंतजार करती नजर आईं। इसके अलावा मिट्टी के करवों की दुकानों पर भी महिलाओं की भीड़ रही और वे खरीदारी के दौरान मोलभाव करती दिखीं। करवा चौथ का व्रत विवाहित महिलाओं के लिए विशेष महत्व रखता है। महिलाएं अपने पति की लंबी आयु और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना के लिए यह व्रत रखती हैं। वहीं, कई अविवाहित युवतियां भी इस पर्व को लेकर उत्साहित नजर आती हैं। त्योहारी रौनक के बीच पंचरुखी बाजार में यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होती दिखाई दी। बाजार में महिलाओं की भीड़ और वाहनों की आवाजाही बढऩे से कई स्थानों पर जाम जैसी स्थिति बन गई। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों का कहना है कि त्योहार के दौरान बाजार में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए उचित प्रबंध किए जाने चाहिए, ताकि लोगों को असुविधा न हो।
Tags: