काजा। काजा क्षेत्र में सोमवार शाम हुई अचानक भारी बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। क्षेत्र की तीन से चार जगहों पर तेज बारिश के कारण नाले उफान पर आ गए, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग-505 समेत कई संपर्क मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। बारिश के बाद कई स्थानों पर सडक़ मार्ग बंद हो गए, जिससे स्थानीय लोगों और यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार ताबो पंचायत के नादांग क्षेत्र में नाले का जलस्तर अचानक बढ़ गया, जिसके चलते वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से रुक गई। हालात ऐसे बन गए कि कुछ लोगों ने जान जोखिम में डालकर बढ़े हुए नाले को पार किया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द मार्ग बहाली की मांग की है, ताकि क्षेत्र में आवागमन सुचारू हो सके। इसके अलावा पोह और शिशिलिंग क्षेत्र में भी भारी बारिश के कारण नालों में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। पानी के तेज बहाव के चलते एनएच-505 मार्ग पर मलबा और पानी आने से वाहनों की आवाजाही बंद करनी पड़ी।