चंबा। नगर परिषद चंबा की नवनियुक्त अध्यक्ष भुवनेश्वरी गुलाटी ने बुधवार को शहर के सुल्तानपुर वार्ड का औचक्क निरीक्षण करने के साथ ही जन समस्याओं को सुना। उन्होंने स्पष्ट किया कि चूंकि वह अभी नई बनी हैं, इसलिए उन्हें हर क्षेत्र की जमीनी समस्याओं और हाटस्पाट के बारे में पूरी जानकारी नहीं थी। यही कारण है कि वह स्वयं फील्ड में आकर वास्तविक स्थिति का जायजा ले रही हैं। वार्ड के निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष ने पाया कि कई जगहों पर नालियां पूरी तरह से ब्लाक हैं, जिससे गंदा पानी सडकों पर बह रहा है। विशेष रूप से खज्जियार चौक पर ब्लाकेज की भारी समस्या देखी गई, जिससे न केवल स्थानीय वासियों और राहगीरों को आवाजाही में परेशानी हो रही है।
बल्कि इससे शहर की सुंदरता पर भी दाग लग रहा है। इस समस्या पर त्वरित कार्रवाई करते हुए भुवनेश्वरी गुलाटी ने मौके पर ही आवश्यक दिशा- निर्देश जारी किए। आदेश जारी होते ही इसके परिणाम धरातल पर भी नजर आने लगे और कर्मचारियों द्धारा बंद पडी नालियों को तत्काल खोलने का कार्य युद्ध स्तर पर आरंभ कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि उनका मुख्य उददेश्य केवल फाइलों में आवेदनों को दबाकर रखना नहीं बल्कि धरातल पर आकर लोगों के काम करना है। उन्होंने नालियों में कूडा फेंकने वाले किराएदारों और स्थानीय लोगों की सूची भी मांगी है ताकि उन पर कार्रवाई की जा सके। उन्होंने ढाबा संचालकों और दुकानदारों से डस्टबिन का उपयोग करने की अपील की है। उन्होंने आश्वस्त किया कि वे हर उस वार्ड का खुद दौरा करेंगी जहां से शिकायतें आएंगी ताकि समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जा सके।